मनी ग्राम के कार्यक्रम में शामिल होने आए हरभजन सिंह
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब में दिनोंदिन गिर रहे स्पोर्ट्स के ग्राफ को उठाने की सबसे ज्यादा जरूरत है। इसलिए नवनिर्माण सरकार को स्पोर्ट्स पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। यह कहना है टर्मिनेटर हरभजन सिंह का। वह जालंधर में मनी ग्राम के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
भज्जी ने बताया कि राज्य में खेलों की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। स्टेडियम और इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी के कारण ही बेहतरीन खिलाड़ी तैयार नहीं हो रहे। खिलाड़ियों को कोचिंग देने से लेकर अच्छी डाइट तक देने के पुख्ता प्रबंध होने चाहिए। नई सरकार को इन सभी की तरफ गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। भज्जी ने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार के समय उन्होंने पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के समक्ष राज्य में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव रखा था जो अब तक पूरा नहीं हो पाया। अब वह इस प्रस्ताव को नई बनने वाली सरकार के पास जरूर रखेंगे।
कार्यक्रम में भज्जी की सुरक्षा के लिए आयोजकों ने बाउंसर लगा रखे थे। इस पर भज्जी ने कहा कि यह उनका अपना शहर है और अगर दूसरा शहर भी होता तब भी उन्हें खुद की सुरक्षा के लिए बाउंसरों की जरूरत नहीं हैं। भज्जी ने कहा कि अगर उनके जीवन पर कोई फिल्म बनती है तो वह चाहते हैं कि फिल्म में उनके किरदार को अभिनेता रणबीर सिंह निभाएं। उनपर फिल्म बनाने के लिए दो-तीन लोगों ने बात की थी लेकिन किसी कारण वश वह आगे नहीं बढ़ पाई। उन्होंने कहा कि अपनी बेटी को देखने के बाद दुनिया की हर खुशी मिल जाती है। गीता के साथ उनका शादीशुदा जीवन बहुत अच्छा चल रहा है। पारिवारिक जिम्मेदारियों की वजह से पिछले सात-आठ माह से ग्राउंड प्रैक्टिस नहीं कर पाए।