स्वच्छ भारत मिशन के तहत चंडीगढ़ नगर निगम के प्रस्ताव का फायदा शहर के व्यापारियों और व्यावसायिक गतिविधि करने वालों को नहीं मिलेगा। नगर निगम की 30 मई को सदन की बैठक में डोर टू डोर कूड़ा इकट्ठा करने का हर माह होने वाले शुल्क का प्रस्ताव चर्चा के लिए आ रहा है। प्रस्ताव में स्वच्छ भारत मिशन के तहत 5 जून से हर घर को निशुल्क दो-दो डस्टबिन बांटे जाएंगे, लेकिन इस स्कीम का फायदा शहर के व्यापारियों और व्यावसायिक गतिविधि करने वालों को नहीं मिलेगा।
व्यापारियों और उद्योगपतियों को अपने खर्चे पर ही डस्टबिन खरीदना होगा। वहीं व्यापार मंडल के महासचिव संजीव चढ्ढा का कहना है कि जब आवासीय एरिया में निशुल्क बांटे जा रहे हैं तो तो व्यापारियों को भी इसमें शामिल करना चाहिए। वहीं कूड़ा इकट्ठा करने के लिए कर्मचारियों को रेहड़ियां भी दी जा रही है हर कर्मचारी को रेहड़ी के अलावा 40-40 लीटर के डस्टबिन भी दिए जाएंगे। जबकि कूड़ा इकट्ठा करने वालों की एक सोसाइटी भी बनाई जा रही है।
नगर निगम की ओर से डोर टू डोर कूड़ा इकट्ठा करने के बदले में जो हर माह भुगतान लिया जाएगा। वहीं आवासीय क्षेत्र के मुकाबले में व्यावसायिक क्षेत्र में अधिक शुल्क लागू होगा। बता दें कि इस समय शहर में अलग अलग रेट कर्मचारियों की ओर से चार्ज किया जा रहा है। इसके अलावा नगर निगम की ओर से गीला और सूखा कूड़ा अलग अलग इकट्ठा करने के लिए प्रति जागरूक करने के लिए 5 जून को सेक्टर-18 के टैगोर थिएटर में एक समारोह किया जा रहा है।
सिस्टम लगाने पर 10 प्रतिशत की छूट
कमिश्नर ने बताया कि स्वच्छता अभियान के तहत जो निजी सोसाइटियों में कूड़े से खाद लगाने वाले सिस्टम को लगाएगा उस सोसाइटी के फ्लैट धारकों को 10 प्रतिशत की हाउस टैक्स में छूट मिलेगी। जबकि सिस्टम का खर्चा नगर निगम की ओर से ही किया जाएगा। नगर निगम कमिश्नर इस संबंध में सेक्टर-48 के रेजिडेंट्स के साथ बैठक कर चुके हैं।
स्वच्छ एप पर शिकायत आने पर तुंरत होगी कार्रवाई
नगर निगम ने स्वच्छ एप को ज्यादा मजबूत करना चाहता है। इसलिए कमिश्नर ने कहा कि इस एप पर सैनिटेशन की शिकायत आने पर इस पर तुरंत कार्रवाई की जाए। जबकि इस समय हेल्पलाइन नंबर-155304 है, लेकिन यहां पर शिकायत करने के बावजूद दो से तीन दिन भी सफाई की दिक्कत दूर नहीं होती है। मालूम हो कि स्वच्छ सर्वेक्षण में भी चंडीगढ़ के दो से 11 नंबर पर पहुंचने का एक बड़ा कारण यही रहा है कि लोगों ने न तो एप डाउनलोड किया और न ही फीडबैक दी।