जिंदगी में जो भी चुनौती आई है, उसे स्वीकार किया है और हमेशा अच्छा बनने का प्रयास किया। मैं देश के लिए हमेशा काम करने के लिए तैयार थी, हूं और रहूंगी। उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि हरियाणा में भाजपा, जजपा के अलावा निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन तो मिलेगा ही, इसके साथ-साथ अन्य पार्टियों के विधायक एवं सांसद भी उन्हें समर्थन देंगे। वह हरियाणा के हितों का सदैव ख्याल रखेंगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जाना बेहद प्रसन्नता का विषय है। इस पद का दायित्व संविधान के कार्यपालक का होता है। संविधान की तरफ वही वर्ग देखता है, जिसे यकीन होता है कि संविधान हमारी सुरक्षा करता है। मुर्मू का जीवन समाज सेवा और गरीबों, दलितों के साथ-साथ हाशिए पर खड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि समर्थक संख्या के सभी वोट तो उन्हें मिलेंगे ही, इसके साथ-साथ अतिरिक्त वोट दिलाने का भी पूरा प्रयास करेंगे।
ये बोले अन्य दिग्गज
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को अपनी पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एनडीए ने उन्हें उम्मीदवार बनाकर दलित, महिला एवं गरीबों के उत्थान का कार्य किया है। वह आम गरीब की आवाज को आगे ले जाने का कार्य करेंगी।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने मुर्मू को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुर्मू को नेतृत्व के गुण अपने पिता और दादा से मिले हैं। वे सर्वश्रेष्ठ विधायक भी रही हैं। इसके साथ-साथ राज्यपाल रहने का भी अनुभव है। मुर्मू का नाम महाभारत से जुड़ा है और हरियाणा महाभारत की भूमि रही है। माता मनसा देवी उनकी इस यात्रा को सफल करें।