मेन बाजार में शुक्रवार रात वंश किचन वेयर स्टोर में लगी आग पर समय रहते काबू पाया जा सकता था, यदि क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात हो। आग से पूरी बिल्डिंग को काफी नुकसान पहुंचा है।
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने रात दो बजे के करीब आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह शॉट सर्किट बताई जा रही है। वहीं, इलाके के लोगों व दुकानदारों की मानें तो अगर नयागांव में ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी होती तो हादसा बड़ा होने से रोका जा सकता था। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गर्मियों में फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी नयागांव में तैनात की जाए।
मार्केट प्रधान रमेश गर्ग और समाजसेवी महिंदर शर्मा ने बताया कि नयागांव में एनएसी के पास फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं है। चंडीगढ़ का एरिया पास ही सटा हुआ है।
जब भी आपात स्थिति में फायर हेल्पलाइन पर फोन करते हैं तो वह चंडीगढ़ में लगता है। शुक्रवार को भी नंबर चंडीगढ़ में लग रहा था। ऐसे में मोहाली से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचने तक काफी नुकसान हो चुका था। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मोहाली से आईं, लेकिन बाद में दो और गाड़ियां चंडीगढ़ से मंगानी पड़ी।