सर्वजन विकास पार्टी के गठन के साथ ही क्षेत्र में एक और सियासी दल अस्तित्व में आ गया है। पार्टी प्रमुख रोहताश कुमार ने शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए दल के गठन की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्टी के पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ यूनिटों के पदाधिकारियों की घोषणा कर दी जाएगी। साथ ही कहा कि वह हरियाणा के आगामी विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेंगे।
एक सवाल के जवाब में रोहताश ने कहा कि जनहित में हमख्याल पार्टियों के साथ चुनावी समझौता करने में उन्हें कोई गुरेज नहीं है। उनका लक्ष्य तो गरीब, दलित, मजदूर व किसान को न्याय दिलाना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की नीतियां एक सी हैं। यह ऊपर से तो आम लोगों की बात करती हैं, लेकिन असल में कुछ नहीं करतीं। रोहताश ने कहा कि वह इन दोनों पार्टियों में काम कर चुके हैं, लेकिन इनकी नीतियों से हताश होकर अब नया दल बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वक्त पार्टी कार्यकर्ताओं की संख्या करीब तीन हजार है, जिसमें जल्द ही बड़ा इजाफा होगा।