पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू गुरुवार को पाकिस्तान से वापस आ गए हैं। इस दौरान सिद्धू ने गोपाल चावला के साथ फोटो खिंचवाने के विवाद पर भी बोलें। सिद्धू ने कहा कि पाकिस्तान में उन्हें अथाह प्यार मिला। जिस प्रकार भारत में लोग उनके साथ फोटो खिंचवाते हैं, वहीं पाकिस्तान में लोगों ने दस हजार से अधिक फोटो मेरे साथ खींची। इसी दौरान उसके साथ कौन गोपाल चावला फोटो खिंचवा गया, इसकी उनको कोई जानकारी नहीं है और न ही वह गोपाल चावला को जानते हैं।
सिद्धू पाकिस्तान पवित्र डेरा बाबा नानक- करतारपुर कॉरिडोर के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान सिद्धू ने कहा कि वह पाकिस्तान से दोनों पंजाब के सदियों पुराने संबंधों के बंद दरवाजों को खोल कर आए हैं। करतापुर कॉरिडोर अमृतसर और फिरोजपुर के बॉर्डर भी खोल देगा। दोनों पंजाब खुशहाल होंगे और अटारी-वाघा सीमा से सेंट्रल एशिया के देशों के साथ व्यापार करने के रास्ते खुलेंगे। उन्हें खुशी है कि वह दोनों पंजाब के लोगों का दिल जोड़ कर लौट रहे हैं।
बंद किस्मत के तालों को खोलेगा कॉरिडोर
अपने अंदाज में सिद्धू ने कहा कि वह बाबा नानक की रहमत से बीते 70 साल से दोनों देशों के बीच पैदा हुए जहर को कम कर आए हैं। दोनों देशों के बॉर्डर ने दोनों तरफ के पंजाबियों की किस्मत पर ताले लगाए हुए हैं। करतारपुर कॉरिडोर इन बंद किस्मत के तालों को खोलेगा। इसी कोशिश में वह पाकिस्तान गए थे। ईश्वर इन कोशिशों को पूरा करने का जरिया बना। सिद्धू ने करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण का श्रेय बाबा नानक को देते हुए कहा कि यह उन्हीं का चमत्कार और कृपा है। तीन महीने पहले 12 करोड़ नानक नाम लेवा को उम्मीद जगी थी कि करतारपुर कॉरिडोर बनेगा, आज वह उम्मीद पूरी हुई है।