हाईकमान के सिद्धू को तवज्जो देने से पंजाब कांग्रेस में हलचल, भाजपा ने कहा-खुले हैं दरवाजे
नवजोत सिंह सिद्धू को कांग्रेस हाईकमान की ओर से तवज्जो दिए जाने से पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में हलचल पैदा हो गई है। दरअसल, बीते दिनों राहुल गांधी की ओर से सिद्धू को जेल से रिहाई के बाद पार्टी में जिम्मेदारी देने की बात कही गई है।
इसके बाद राहुल गांधी ने सिद्धू को 30 जनवरी को होने जा रही श्रीनगर रैली के लिए भी आमंत्रित किया है। इसी बीच शनिवार को सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने नई दिल्ली में प्रियंका गांधी व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात की है। जिसके बाद भले ही पिछले कई दिन से सिद्धू के भाजपा में शामिल होने की चल रही अटकलों को विराम लग गया है।
लेकिन इससे चिढ़े पंजाब कांग्रेस के आला नेताओं ने सिद्धू के खिलाफ मोर्चाबंदी शुरू कर दी है। उधर, भाजपा का कहना है कि जो पार्टी की विचारधारा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशिप को स्वीकार करता है, उसका भाजपा में स्वागत है। फिर चाहे वह सिद्धू हों या फिर कोई अन्य नेता।
वर्षों पुराने रोड रेज मामले में दोषी करार पटियाला की सेंट्रल जेल में बंद सिद्धू के 26 जनवरी को रिहा होने की संभावना है। इससे पहले ही सिद्धू को कांग्रेस हाईकमान की ओर से तवज्जो मिलने से पंजाब कांग्रेस के आला नेताओं में हलचल मच गई है। प्रियंका गांधी की ओर से सिद्धू को जेल में चिट्ठी भेजने के बाद से उनसे जेल में कांग्रेसी नेताओं के मिलने आने का भी सिलसिला जारी है।
इसे देखते हुए पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सीएलपी नेता प्रताप सिंह बाजवा व सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पंजाब में हुई रैली में मंच से राहुल गांधी को खास तौर से संबोधित करते अपील कर दी है कि कांग्रेस की मजबूती के लिए पैराशूट नेताओं को पार्टी में जगह न दी जाए। खास तौर से उन बाहरी नेताओं को पार्टी से दूर रखा जाए, जो पार्टी का नुकसान कर रहे हैं।
वहीं अमर उजाला से बात करते भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हरजीत सिंह ग्रेवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशिप व उनकी पार्टी की विचारधारा को मानने वाले हर नेता का पार्टी में स्वागत है। फिर चाहे वह नवजोत सिंह सिद्धू क्यों न हों। सिद्धू अगर भाजपा में आना चाहें तो उनके लिए दरवाजे खुले हैं। उन्होंने कहा कि जितने अधिक नेता पंजाब में भाजपा के साथ जुड़ेंगे, उतना ही पार्टी का फायदा होगा। वहीं पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा का कहना है कि सिद्धू वर्तमान में जिस पार्टी में हैं, वहीं रहें। मेरी उनके लिए शुभकामनाएं हैं। उन्होंने कहा कि यह हवा में बातें हैं कि सिद्धू भाजपा ज्वाइन करने जा रहे हैं।