फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब: नवजोत सिंह सिद्धू के निशाने पर मान सरकार, आरटीआई दाखिल कर मांगा हेलिकॉप्टर खर्च का ब्योरा

Thu, 28 Sep 2023 12:38 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

सिद्धू ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कर्ज लेकर सरकार चला रहे हैं। उन्होंने वोट के लिए मुफ्त बिजली देकर बिजली निगम को भी कर्जदार बना दिया है। सिद्धू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़े-बड़े दावे किए लेकिन सब झूठे साबित हुए।
विज्ञापन
नवजोत सिंह सिद्धू। - फोटो : फाइल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को प्रदेश की आप सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने भगवंत मान सरकार द्वारा हेलिकॉप्टर और फिक्स्ड-विंग विमान के इस्तेमाल पर किए खर्च का ब्योरा मांगने के साथ ही आरोप लगाया कि पंजाब सरकार अन्य राज्यों में आम आदमी पार्टी (आप) के अभियानों के लिए ‘लग्जरी उड़ानों’ पर प्रदेश की जनता का पैसा खर्च कर रही है। सिद्धू ने इस संबंध में पंजाब नागरिक उड्डयन सचिव को सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत पत्र लिखकर जानकारी मांगी है।

विज्ञापन


सेक्टर-17 स्थित पंजाब नागरिक उड्ड्यन विभाग के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिद्धू ने कहा कि आप सरकार ने पिछले डेढ़ साल में गुजरात, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए विमान का इस्तेमाल किया है। आरटीआई के तहत जानकारी हासिल करने के लिए उन्होंने लिखा, ‘यह देखने में आया है कि पंजाब सरकार ने विभिन्न अवसरों पर सरकारी हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल किया है और पार्टी मामलों से संबंधित अभियानों व दौरों के लिए फिक्स्ड-विंग विमान भी किराए पर लिए हैं। मुझे आरटीआई के तहत विभिन्न खातों की जानकारी चाहिए।’

उन्होंने नागरिक उड्डयन सचिव को यह भी लिखा, ‘चूंकि राज्य सरकार को फिक्स्ड-विंग विमान किराए पर लेने के कारण होने वाले वित्तीय बोझ का भुगतान करना पड़ता है, इसलिए मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया इस संबंध में सूचित करें।’

विज्ञापन
विज्ञापन

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह भी पता चला है कि सूबे के हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल विभिन्न राज्यों में प्रचार के लिए भी किया गया था। उन्होंने कहा कि वे इस संबंध में भी जानकारी चाहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि लग्जरी उड़ान पर जनता का पैसा क्यों बर्बाद किया जा रहा है? और पंजाब के संसाधनों की चोरी क्यों हो रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि विमानों का इस्तेमाल गुजरात, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए किया गया।

सिद्धू ने आरटीआई के तहत ये जानकारी मांगी 

  • पिछले डेढ़ साल में राज्य सरकार द्वारा कितनी बार निजी जेट किराए पर लिया गया?
  • सभी विमान किन स्थानों की यात्रा के लिए थे और इसका उद्देश्य क्या था?
  • सभी उड़ानों और विमान किराए पर लेने का कुल बिल जिसमें विमान का किराया और हवाई अड्डा शुल्क शामिल है, कितना रहा?
  • चूंकि आपका विभाग विमान किराये पर लेने और खर्च का भुगतान करने के लिए जिम्मेदार है, इसलिए यह भी बताएं कि फिक्स्ड-विंग विमान की प्रति घंटे किराये की लागत क्या है?
 

पंजाब सरकार नहीं देती आरटीआई का जवाबः सिद्धू

सिद्धू ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कर्ज लेकर सरकार चला रहे हैं। उन्होंने वोट के लिए मुफ्त बिजली देकर बिजली निगम को भी कर्जदार बना दिया है। सिद्धू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़े-बड़े दावे किए लेकिन सब झूठे साबित हुए। उन्होंने भगवंत मान को अखबारी मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि पंजाब सरकार आरटीआई का जवाब नहीं देती, जिसके कारण चार बार के सांसद होने के बावजूद उन्हें पंजाब नागरिक उड्डयन विभाग में जानकारी लेने के लिए आना पड़ा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें