पूर्व क्रिकेटर एवं बीजेपी नेता नवजोत सिद्धू
- फोटो : फाइल फोटो
पूर्व क्रिकेटर और सांसद नवजोत सिंह सिद्धू ने आज राज्यसभा के मैदान में अपनी नई पारी की शुरुआत कर दी। राज्यसभा में मंगलवार को संसद सत्र के चौथे दिन की कार्रवाई शुरू होते ही सबसे पहले नवजोत सिंह सिद्धू ने सदस्यता की शपथ ली। सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति हामिद अंसारी ने इन सभी को उच्च सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई।
सिद्धू के शपथ के बाद जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के सांसद के.सी. त्यागी ने डीयू के टेक्सट बुक में भगत सिंह को 'आतंकवादी' बताने का मामला उठाया। उन्होंने इसमें संशोधन की मांग की। सिद्धू के अलावा पांच अन्य लोगों ने भी सदस्यता ग्रहण की।
इनमें डॉ. सुब्रह्मण्यम स्वामी, ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज एम सी मैरीकॉम, सुखदेव सिंह ढींढसा (शिरोमणि अकाली दल) तथा पत्रकार स्वप्न दासगुप्ता और डॉ नरेंद्र जाधव शामिल हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में मौजूद थे। सभी सदस्यों ने शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री का हाथ जोड़ कर अभिवादन किया।
सदस्यों के शपथ लेने के बाद मोदी सदन से चले गए। नवजोत सिंह सिद्धू की बात की जाए तो वो पिछले काफी दिनों से पार्टी से नाराज चल रहे थे और पार्टी के पास सिद्धू को मनाने के लिए ये बेहतर तरीका था क्योंकि जल्द ही पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं और पार्टी सिद्धू के महत्व को बखूबी जानती है।