नवजोत सिंह सिद्धू के बयान के बाद पंजाब की राजनीति में मचे सियासी संग्राम पर सिद्धू की पत्नी ने बड़ा बयान दिया है। नवजोत कौर रविवार को अपने पति का बचाव करती नजर आईं। डॉ. सिद्धू ने कहा कि मेरे पति कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपने पिता का दर्जा देते हैं। कैप्टन भी उनके परिवार को प्यार और सम्मान देते हैं। कैप्टन को इस बात का गर्व होना चाहिए कि उनका बेटा (नवजोत सिद्धू) लायक है।
डॉ. सिद्धू ने कहा कि अकाली दल इस बयान पर तड़का लगा रहा है। अकाली दल को गुरुद्वारों से नहीं गोलक से प्यार है। अकालियों को इस बात की जानकारी है कि सिद्धू के होते वह अब कभी सत्ता में नहीं आ सकते। केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बिना बुलाए पाकिस्तान गई थीं। उन्होंने कहा कि कैप्टन को पिता का दर्जा देना पाप है तो यह मामला तूल पकड़ेगा, शेष आपके सामने है।