नवजोत सिंह सिद्धू एक बार फिर पाकिस्तान जाएंगे और करतारपुर साहिब में माथा टेककर आएंगे। जो भी कुछ किया है बाबा नानक ने किया है। किसी को इस बात का श्रेय नहीं लेना चाहिए। यह बात कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने गुरु नानक पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान कही। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने जो कॉरिडोर खोलने का फैसला लिया है उसका श्रेय किसी को नहीं लेना चाहिए। क्योंकि सब जानते हैं कि किसने क्या किया है।
यह बाबा नानक की ही कृपा हुई है जो लोगों को करतारपुर साहिब के दर्शनों का मौका मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने अकाली दल पर निशाना साधा कि उनके राज में पंजाब में गुंडे पैदा हुए। जिसकी वजह से पंजाब का माहौल अभी तक बिगड़ा हुआ है। जल्द ही पंजाब का माहौल दुरुस्त हो जाएगा। लोगों को डरने की कोई जरूरत नहीं है।