प्रशासक के सलाहकार केके शर्मा ने सुखना लेक के रेगुलेटरी एंड में गार्डन ऑफ साइलेंस के पास बने नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर का उद्घाटन किया।
यह सेंटर उन पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा, जिन्हें इकोलॉजी में रुचि है।
इकोलॉजी पर यहां पर्यटकों को डॉक्यूमेंटरी फिल्म भी दिखाई जाएंगी। सेंटर में पर्यटकों को पक्षियों की आवाज भी सुनाई देंगी। अलग-अलग पक्षियों की तस्वीरें लगी हैं जिनके आगे बटन है।
बटन दबाते ही संबंधित पक्षी की आवाज आएगी। इससे यह पता चल सकेगा कि किस पक्षी की कैसी आवाज है। थ्रीडी इमेज के माध्यम से कई जानवरों के बारे में भी जानकारी दी गई है। सुखना वाइल्फ लाइफ सेंक्च्युरी की जानकारी भी दी गई है।
रेगुलेटर एंड पर टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर में सोविनियर शॉप भी शुरू हो गई है। यहा पर्यटकों को चंडीगढ़ से जुड़े सोविनियर मिलेंगे।
शर्मा ने सुखना वाइल्ड लाइफ सेंच्युरी का ब्रॉशर, तेंदुए का पोस्टर और 2014 का टेबल कैलेंडर भी जारी किया।
इंटरप्रिटेशन सेंटर की बिल्डिंग पर 70 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसके लिए प्रशासन को केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय से वित्तीय सहायता मिली है।
सेंटर के अंदर का काम अहमदाबाद स्थित सेंटर फॉर एनवायरमेंट एजुकेशन ने नौ माह में पूरा किया है।
इस मौके पर चंडीगढ़ के गृह सचिव अनिल कुमार, वित्त सचिव वीके सिंह, वन एवं पर्यावरण सचिव सत्यगोपाल, चीफ इंजीनियर एसके चड्ढा, पर्यावरण निदेशक संतोष कुमार के अलावा प्रशासन के अधिकारी और सेक्टर-48 स्थित बनियन ट्री के विद्यार्थी भी मौजूद थे।