1 नवंबर से पाइप नेचुरल गैस के घरों में मिलेंगे कनेक्शन
11 नवंबर से शहरवासियों को इंडियन ऑयल कंपनी (आईओसी) और अदानी गैस के संयुक्त प्रोजेक्ट ‘पीएनजी गैस पाइप लाइन कनेक्शन’ की सौगात मिल जाएगी। पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान 11 नवंबर को चंडीगढ़ में गैस पाइप लाइन का उद्घाटन करेंगे। सबसे पहले इस पाइप लाइन की शुरुआत सेक्टर-49 की ईडब्ल्यूएस कॉलोनी से होगी। कॉलोनी में कनेक्शन देने के बाद सेक्टरों में कनेक्शन दिए जाएंगे।
सांसद किरण खेर ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गैस पाइप लाइन का काम पूरा हो चुका है। 11 नवंबर को इसका आधिकारिक उद्घाटन करवाने की तैयारी है। गैस पाइप लाइन को राजपुरा से चंडीगढ़ लाया गया है। मोहाली में एयरोसिटी के पास रेलवे फाटक के पास जो काम बचा था उसे भी पूरा कर लिया गया है। मोहाली के पीसीए स्टेडियम और सेक्टर-55-56 की ओर से होते हुए दो जगह से पाइप लाइन चंडीगढ़ पहुंची है।
शहर के अधिकतर सेक्टरों में इंटरनल लाइन बिछ चुकी गई। कई जगह पाइप लाइन शुरू होने के बाद जरूरत के अनुसार बिछाई जाएगी। पीएनजी को ही कंप्रेस कर बनने वाली सीएनजी का उपयोग वाहनों के लिए होगा। इसका सबसे ज्यादा फायदा ऑटो चालकों को होगा। 15 हजार से अधिक ऑटो सीएनजी से चल सकेंगे। इससे प्रदूषण की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी। सीएनजी आधारित बसें भी चलाए जाने की योजना है।