देश में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। हर राज्य में इसके मरीज मिल रहे हैं। इसके कारण अब नेशनल फुटबॉलर की मौत हो गई। दूसरी ओर, हरियाणा में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 95 हो गया है। मृतक हिसार का रहने वाला था और अंडर-14 का नेशनल प्लेयर था। उसे पिछले तीन दिन से डेंगू बुखार था और निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।
बीती रात उसने दम तोड़ दिया। प्रदेश में हाई अलर्ट के बाद भी साहिल की डेंगू से मौत की भनक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को नहीं लग पाई। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने डेंगू को लेकर आदेश जारी किए थे कि प्रतिदिन डेंगू के मरीजों की रिपोर्ट विभाग को भेजी जाएगी।
वहीं परिजन साहिल की मौत को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। इसका कारण यह है कि शांतिनगर इलाके में तीन से चार बार फॉगिंग व लार्वा की जांच करवाई जा चुकी है। मगर संतनगर इलाके में डेंगू के मरीज मिलने के बाद भी अधिकारियों ने रुचि नहीं दिखाई।