पहलवान नरसिंह के डोप में पॉजिटिव पाए जाने की खबर से पेशेवर पहलवान, इस खेल से जुड़े अधिकारी एवं लोग सकते में हैं। ये लोग पूरे प्रकरण को कहीं न कही एक साजिश के रूप में देख रहे हैं। गौरतलब है कि रियो ओलंपिक से कराए गए नरसिंह डोप टेस्ट में फेल हो गए हैं। इसमें वह ए और बी सैंपल में पॉजिटिव पाए गए हैं।
इस संबंध में खेल से जुड़े लोगों से बातचीत
यह देश के लिए दुर्भाग्य की बात है। एक खिलाड़ी के कॅरियर का सवाल है। उस खिलाड़ी की जिंदगी की पूरी मेहनत खराब हो जाएगी। यह किसी की साजिश हो सकती है। इसकी छानबीन होनी चाहिए। अगर इसमें किसी तरह की साजिश है तो दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए
-दर्शन लाल (ज्वांइट सेक्रेटरी रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया )
- एक खिलाड़ी कड़ी मेहनत से ओलंपिक जैसे मंच पर पहुंचता है। इसके पीछे वर्षों की मेहनत छुपी होती है। ऐन वक्त पर इस तरह की बात देश के लिए मेडल खोने की जैसी है। सुनने में आ रहा कि खेल हॉस्टल में ऐसी बात हुई है। खिलाड़ियों के साथ ऐसी साजिश होना गंभीर मसला है।
-राजेश शर्मा (प्रधान, यूटी रेसलिंग एसोसिएशन )
नरसिंह देश के लिए खेलता है। वह एक होनहार खिलाड़ी है। वह ऐसा काम नहीं कर सकता है। 2004 में इंडियन जूनियर टीम के कैंप में नरसिंह उस कैंप का हिस्सा थे। मुझे नहीं लगता कि वह इस तरह का कोई गलत कदम उठा सकता है। इस मामले की तह तक जाना चाहिए और जांच होनी चाहिए।
-अजय पाठक (भारतीय जूनियर टीम के पूर्व कोच)