केंद्रीय राज्यमंत्री विजय सांपला ने नशे को लेकर पंजाब में चल रही बयानबाजी की जंग में शिरोमणि अकाली दल को कटघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राजस्थान व मध्य प्रदेश से अगर नशा पंजाब में भेजा जा रहा है तो वहां की जनता में नशा क्यों नहीं है? पंजाब में क्यों फैल चुका है। सांपला बुधवार को जालंधर स्थित सर्किट हाउस में पीएम मोदी का छह माह का रिपोर्ट कार्ड पेश करने के लिए आए थे।
हाल ही में पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर राजस्थान व मध्य प्रदेश में नशे की बिक्री का मामला उठाया था। उन्होंने वहां मौजूद भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया था। इसका जवाब सांपला ने बुधवार को जालंधर में दिया। उन्होंने कहा कि अगर वहां से नशा आता है तो वहां के नौजवान नशे से ग्रस्त क्यों नहीं हैं।