फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नंबर वन कैंपेन पर मोदी-हुडडा आमने-सामने

Sun, 05 Oct 2014 08:49 AM IST
हरेंद्र रापरिया/अमर उजाला, करनाल
विज्ञापन
विज्ञापन
नंबर वन हरियाणा कैंपेन पर प्रधानमंत्री के बयान पर हुड्डा ने पलटवार किया है। करनाल रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि हरियाणा आठवें नंबर पर है। मोदी ने कहा कि साक्षरता में प्रति व्यक्ति खर्च मामले में देश में 22वें नंबर तथा बेरोजगारी खत्म करने में 18वें नंबर पर ठहरा दिया।
विज्ञापन


करनाल में आयोजित हरियाणा विजय संकल्प रैली में मोदी ने कहा कि यहां के लोगों ने मुझे एक चिट्ठी भेजी है। मैं उस चिट्ठी में से आप लोगों को प्रदेश सरकार के दस सालों का हिसाब पढ़कर बताता हूं। उन्होंने चिट्ठी को आधार बनाकर नंबर-वन हरियाणा के दावों पर अंगुली उठाते हुए खूब चुटकी ली।

उन्होंने कहा कि साक्षरता में प्रति व्यक्ति खर्च करने के मामले में हरियाणा देश में 22वें नंबर, बेरोजगारी खत्म करने में प्रति व्यक्ति खर्च करने में 18वें, विकास कराने में प्रति व्यक्ति खर्च में 20वें, गरीबी कम करने में प्रति व्यक्ति खर्च मामले में नौवें नंबर, शिक्षा पर प्रति व्यक्ति खर्च में 12वें नंबर, स्वास्थ्य सेवाओं में प्रति व्यक्ति 19वें नंबर, कृषि पर खर्च में 18वें नंबर, प्रति व्यक्ति आय में आठवें नंबर, गांवों में विकास मामले में प्रति व्यक्ति खर्च करने पर 13वें नंबर व परिवहन में सातवें नंबर पर है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में स्थिति बदलनी है तो हमें पूर्ण बहुमत चाहिए।
विज्ञापन

हुड़्डा ने मोदी के दावों को हकीकत से परे बताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कथन हकीकत से कोसों परे हैं। हरियाणा में मनरेगा की मजदूरी 236 रुपये रोज है। यह पूरे देश में सर्वाधिक है। यह प्रदेश की आर्थिक हालत को आधार बनाकर तय की जाती है। जबकि गुजरात में मनरेगा की मजदूरी 167 रुपये रोजाना है।

हम मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री जी से जानना चाहते हैं कि उस प्रदेश का नाम बतलाए जहां की प्रति व्यक्ति आय हरियाणा से अधिक है।

हरियाणा का किसान आज देश के हर कोने में जमीन खरीद रहा है, क्या किसी अन्य प्रदेश का किसान हरियाणा में जमीन खरीद कर खेती करने की हैसियत रखता है।

इसी किसान को कई दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने देश में 14वें नंबर पर बतलाकर अपमानित करने का प्रयास किया था। भाजपा नेताओं का यह दुष्प्रचार प्रदेश की जनता की समझ से परे है।

हरियाणा घर जैसा लगता है

नरेंद्र मोदी की खूबी है, वे जहां भाषण देते हैं। वहां के लोगों के साथ पहले खुद को जोड़ते हैं। करनाल रैली में मोदी ने कहा कि हरियाणा मुझे घर जैसा लगता है। हरियाणा में मेरा लालन-पालन हुआ।

ये दानवीर करण की भूमि है, इसलिए विधानसभा के प्रचार के लिए इस धरती को चुना है। हरियाणा में बोलता हूं तो लगता है अपने घर आया हूं। अपनों के बीच आया हूं। यही वो भूमि है जहां पर दयानंद सरस्वती प्रकाश फैलाने का काम किया है।

मैं आपके पड़ोस में रहता हूं, आपका हूं और आपके लिए ही बैठा हूं, लेकिन क्या बीच में कोई रुकावट होनी चाह‌िए। मैं हरियाणा का कर्ज चुकाना चाहता हूं। यह तभी हो सकता है, जब केंद्र की तरह हरियाणा में भी हमारी सरकार हो।

अगर रुकावट वाली सरकार बनी तो मैं दिल्ली में रह जाऊंगा और हरियाणा का सही विकास नहीं हो पाएगा। मोदी ने कहा मैं हरियाणा की जनता की तहेदिल से सेवा करना चाहता हूं, बस आपका आशीर्वाद चाहिए। आप मुझे एक मौका दीजिए।

कांग्रेस को नए अंदाज में कोसा

पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को नए अंदाज में कोसा। सीधे शब्दों में आलोचना करने की बजाय कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। जो लोग 60 साल में कुछ नहीं कर पाए, वे 60 दिन के मेरे काम का हिसाब किस हक से मांग रहे हैं। कांग्रेस सरकार हरियाणा में किसानों की बदहाली के लिए जिम्मेदार है।

अगर‌ किसान अपनी हालत में सुधार चाहते हैं तो प्रदेश को कांग्रेस मुक्त करना होगा। प्रदेश में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनानी होगी। इसका फैसला आपको करना है। यह चुनाव हरियाणा के भाग्य को निर्धारित करने वाला चुनाव है।

मुझे हरियाणा का कर्ज चुकाना है। मेरे और हरियाणा के बीच से फाटक हटाना होगा। 60 साल में कांग्रेस सरकार ने कुछ नहीं किया। बासमती किसानों की दिक्कत के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए झूठ बोल रही है कि बासमती को विदेश भेजने पर रोक लगाई हुई है, जबकि ये झूठ है। बासमती के निर्यात पर कोई रोक नहीं है।

यहां पुलिसवाला तक मेरी बात नहीं मानेगा

पीएम नरेंद्र मोदी ने लोगों को सीधे शब्दों में समझाने का प्रयास किया कि अगर हरियाणा का विकास चाहते हो तो केंद्र की तर्ज पर हरियाणा में भी भाजपा सरकार को सत्ता में लाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मैं आपकी सेवा करना चाहता हूं, लेकिन यहां का पुलिस वाला मेरी बात नहीं मानेगा, क्योंकि वह दिल्ली सरकार का नहीं है।

सवा सौ करोड़ देशवासियों ने दिल्ली में स्थिर सरकार बनाई। इससे देश का गौरव बढ़ा है। आप सभी हरियाणा का विकास चाहते हैं तो यहां कांग्रेस मुक्त सरकार लाना पहली शर्त है।

मैं आपसे अनुरोध करता हूं, हमें हरियाणा की स्थिति बदलनी है। इसके लिए आप भाजपा के सभी उम्मीदवारों को विजयी बनाएंगे। अब हरियाणा में भाजपा की सरकार बनेगी। पूर्ण बहुमत से बनेगी। प्रेम से बनेगी, प्रेम से चलेगी। मतदान कीजिए, हरियाणा का भाग्य बदलिए।

अमेरिका से भी हरियाणा को जोड़ा

अभी हाल ही में अमेरिका से लौटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए अमेरिका के नाम पर भी लोगों को भावुक कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें अमेरिका में भी हरियाणा याद आया।

मैं अमेरिका से देशवासियों को जोड़कर आया हूं। कैंसर हॉस्पिटल और विशेषज्ञों से समझौता करके आया हूं। हरियाणा में उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी, ताकि हर किसी को अच्छा और सस्ता इलाज यहां उपलब्ध हो सके।

उन्होंने नई तकनीक का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले जमाना हाईफाई का था, फिर वाइफाई का शुरू हुआ और अब सफाई का शुरू हो चुका है। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में शुरू हुआ सफाई अभियान इसका उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि आपके प्यार के कारण ही उन्होंने कैलाश मानसरोवर से जाने का दूसरा रास्ता चीन से खुलवाया। अब आप गाड़ी में बैठकर वहां की यात्रा कर सकते हैं।

जनधन खाता, एक क्रांतिकारी कदम

प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र सरकार के अहम प्रोजेक्ट जनधन खाते की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि जो प्रधानमंत्री जन योजना के तहत खाता खुलवाएगा उसे और उसके परिवार को एक लाख रुपये का बीमा मिलेगा। गरीबों के‍ लिए जन-धन योजना शुरू की गई है। अब गरीब को साहूकर के घर जाकर पैसा नहीं मांगना पड़ेगा।

मैं गरीब को बैंक की शकल दिखाना चाहता हूं। लोग कहते है- मेरा मोदी खाता है। खाते के साथ मैं बीमा भी देता हूं।  विकास के लिए अवसर चाहिए।

हरियाणा पर काफी रिसर्च

प्रधानमंत्री ने आंकडों के आधार पर हरियाणा के विकास की पोल खोली। उन्होंने कहा कि साक्षरता के मामले में हरियाणा देश में 22वें नंबर पर है। बेरोजगारी में हरियाणा 18वें नंबर पर। गरीबी कम करने मामले में हरियाणा 9वें नंबर पर। विकास दर मामले में हरियाणा 20वें नंबर पर है। किसानी के क्षेत्र में हरियाणा 18वें नंबर पर हैं, इन सबके लिए लिए कौन जिम्मेदार हैं।

हरियाणा में आपके मोदी को काम करने के लिए पूरी सरकार चाहिए। आप चाहते हैं कि मैं आपकी सेवा करूं तो मुझे आपका आशीर्वाद चाहिए। पूर्ण बहुमत की सरकार चाहिए। हम किसानों को खेत तक पानी पहुंचाना चाहते हैं।
विज्ञापन

करनाल को स्मार्ट सिटी बनाना चाहते हैं।

करनाल के रेलवे स्टेशन बनाने के लिए पिछली सरकार ने वादा किया था। पिछली सरकार के रेलमंत्री चंडीगढ़ से दिल्ली आते थे, क्या उन्हें करनाल रेलवे स्टेशन नहीं दिखता था? अपनी सरकार में उन्होंने कुछ किया क्या? ये बदलाव मैं लाउंगा। करनाल को स्मार्ट सिटी बनाना चाहते हैं।

इनेलो प्रधान पर निशाना साधा
कांग्रेस के साथ-कांग्रेस नरेंद्र मोदी ने बिना नाम लिए इनेलो प्रधान ओमप्रकाश चौटाला पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार से कोई काम हो तो आप चंडीगढ़ जाना पसंद करेंगे या तिहाड़ जाना पसंद करेंगे। इसका निर्णय आप कीजिए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें