नॉर्थ अमेरिकन पंजाबी एसोसिएशन (एनएपीए) के कार्यकारी निदेशक सतनाम सिंह चहल ने पाकिस्तान सरकार के उस फैसले का स्वागत किया है, जिसमें अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में रहने वाले सिख समुदाय के सदस्यों को आगमन के 30 मिनट के भीतर मुफ्त ऑनलाइन वीजा देने का निर्णय लिया गया है।
चहल ने पाकिस्तान और भारत की सरकारों से सीमा पार व्यापार को सुविधाजनक बनाने के लिए वाघा सीमा को पुनः खोलने का आग्रह किया।
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने कहा है कि अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा से आने वाले सिख तीर्थयात्रियों को अपने धार्मिक स्थलों पर दर्शन करने के लिए देश पहुंचने पर 30 मिनट के भीतर मुफ्त ऑनलाइन वीजा मिल जाएगा।
नकवी की यह टिप्पणी गुरुवार को लाहौर में सिख तीर्थयात्रियों के 44 सदस्यीय विदेशी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान आई।
चहल ने एक बयान में गृह मंत्री की टिप्पणी का हवाला देते हुए इस कदम का स्वागत किया और कहा कि इससे वीजा आवेदन प्रक्रिया आसान हो गई है।