मनीमाजरा में समाधि गेट मोहल्ला में एक महिला सफाई कर्मचारी के साथ एक परिवार का कूड़ा उठाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। सफाई कर्मचारी का आरोप है कि पहले परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। बीच बचाव करने आई तीन अन्य सफाई कर्मचारी महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने चारों महिलाओं, उनके सुपरवाइजर और एक सफाई कर्मचारी की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं परिवार वालों का कहना है कि महिला ने पहले उनकी बहू के साथ बदतमीजी की। जब उसका पति बीच बचाव करने आया तो इन सब ने उनके साथ हाथापाई की। इसके बाद मामला बढ़ गया। सफाई कर्मचारी और परिवार के लोग मनीमाजरा पुलिस स्टेशन अपने-अपनी शिकायत दे रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई शुरू करते हुए दोनों पार्टियों को मेडिकल करवाने के लिए अस्पताल भेज दिया है।