शुक्रवार देर शाम आसमान में चमकदार चीज देखकर पंजाब के पठानकोट में लोग दहशत में आ गए। घबराए लोगों ने उक्त संदिग्ध वस्तु का वीडियो भी बनाया और पुलिस को भेजा। वहीं, चारों तरफ सेना से घिरे पठानकोट में ऐसी वस्तु देखे जाने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बाबत जांच की जा रही है। उक्त चमकदार वस्तु का वीडियो बनाने वाले प्रत्यक्षदर्शी तारागढ़ के राजकुमार, बमियाल के प्रकाश और माधोपुर के सोनू ने बताया कि देर शाम सात बजे के करीब अचानक उनका ध्यान आसमान की तरफ गया तो ट्रेन की तरह लंबी कोई वस्तु नजर आई। जिसमें ट्रेन के डिब्बों की तरह लाइटें जल रही थीं। हालांकि, किसी तरह की कोई आवाज नहीं सुनाई दी।
लोगों ने बताया कि पांच मिनट तक उक्त चीज दिखाई दी, उसके बाद आखों से ओझल हो गई। कुछ लोग इसे सेटेलाइट, कुछ रॉकेट तो कुछ इसे टोही विमान बता रहे हैं। हालांकि, एसएसपी पठानकोट सुरिंदर लांबा का कहना है कि उन्हें भारत-पाक सीमा के नजदीकी कस्बा नरोट जैमल सिंह से इस बाबत जानकारी मिली है। अधिकारी जांच में जुटे हैं। जल्द ही इस संदिग्ध वस्तु के बारे जानकारी हासिल की जाएगी।