मुस्लिमों का पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन
भारतीय जवानो के साथ बर्बरता करने वाले पाकिस्तान के विरोध में मुस्लिम खड़े हो गए हैं। बोले- डरते नहीं हैं, ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। पंजाब के लुधियाना में ऐतिहासिक जामा मस्जिद के बाहर मुसलमानों ने नायब शाही इमाम पंजाब मौलाना उस्मान रहमानी के नेतृत्व में पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इस मौके पर पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का पुतला फूंका गया और पाकिस्तान व पाकिस्तानी फौज के खिलाफ नारेबाजी की। नायब शाही इमाम पंजाब मौलाना उस्मान रहमानी लुधियानवी ने कहा कि बीते दिनों कश्मीर में धोखे से भारतीय फौजियों के साथ पाकिस्तानियों की ओर से की गई दरिंदगी ने एक बार फिर पाकिस्तानी सरकार को बेनकाब कर दिया है।
उस्मान रहमानी ने कहा कि पूरा देश अपने शहीद जवानों को सलाम करता है, लेकिन इसके साथ ही पाकिस्तान को भी हम बता देना चाहते हैं कि ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।
बातचीत बंद करके ताकत का इस्तेमाल किया जाना चाहिए
अमृतसर में वाघा बॉर्डर
नायब शाही इमाम ने भारत सरकार से मांग की है कि पाकिस्तान से बातचीत बंद करके ताकत का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान किसी गलतफहमी में न रहे। अगर जरूरत पड़ी तो उसकी अकल ठिकाने लगाने के लिए भारत के 26 करोड़ मुसलमान ही काफी हैं।
नायब शाही इमाम ने कहा कि भारत में रहने वालों के सियासी मतभेद हो सकते हैं, लेकिन देश की एकता के लिए हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई, दलित और सभी जातियों के लोग एकजुट हैं। इस एकता की ताकत को दुनिया वाले तोड़ नहीं सकते।
एक सवाल के जवाब में नायब शाही इमाम मौलाना उस्मान रहमानी ने कहा कि मोदी जी को चाहिए कि अब देश मे तीन तलाक के मुद्दे को छोड़ कर पहले पाकिस्तान का जनाजा निकाले। इस मौके पर गुलाम हसन कैसर, कारि अल्ताफ उर रहमान, शाहनवाज अहमद व शाही इमाम पंजाब के सचिव मुहम्मद मुस्तकीम आदि मौजूद थे।