हरजिंदर कौर को पांचवीं बार वार्ड नंबर-15 से टिकट
- फोटो : File Photo
शिरोमणि अकाली दल ने सोमवार को अपने कोटे की 4 टिकटों की घोषणा कर दी, जबकि गठबंधन के तहत भाजपा ने 22 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। सोमवार को वार्ड नंबर-5, 9, 10 और 15 के उम्मीदवारों की घोषणा शिअद ने की।
वार्ड-5 से भाजपा नेता कृष्ण कुमार की पत्नी मीना को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि अब कृष्ण कुमार अकाली दल में शामिल हो गए हैं। इससे पहले भी कृष्ण कुमार की पत्नी मीना 2006 में भाजपा की टिकट पर इसी वार्ड से चुनाव लड़ चुकी हैं। वार्ड-9 से इंद्रजीत कौर को उम्मीदवार बनाया गया है। इंद्रजीत कौर शिअद अध्यक्ष जगजीत सिंह कंग की पत्नी हैं। इस वार्ड से कांग्रेस की उम्मीदवार गुरबख्श रावत हैं। 2011 चुनाव में भी इंद्रजीत कौर उम्मीदवार थीं, लेकिन वह काफी मार्जन से हार गई थीं।
वार्ड-10 से फिर डिप्टी मेयर हरदीप सिंह को टिकट दी गई है। वार्ड नंबर-15 से पूर्व मेयर हरजिंदर कौर को टिकट दिया गया है। हरजिंदर कौर 20 साल से लगातार पार्षद बनती आ रहीं हैं। शिअद अध्यक्ष जगजीत सिंह का कहना है कि इस बार अकाली दल सभी 4 सीट पर जीत दर्ज करेगी। उनका कहना है कि नामांकन मंगलवार को दाखिल किए जाएंगे।
ऐसा पहली बार हुआ
ऐसा पहली बार हुआ है जब शिअद ने टिकट वितरण के समय ही किसी भाजपा नेता को टिकट दिया है क्योंकि शिअद हमेशा ही भाजपा से ज्यादा से ज्यादा टिकट मांगता रहता है। टिकट देने का एक बड़ा कारण यह है कि साल 2011 में वार्ड-5 से शिअद अध्यक्ष जगजीत सिंह खुद यहां से चुनाव लड़े थे। उस समय भाजपा नेता कृष्ण कुमार ने कंग को जितवाने के लिए काफी प्रयास किया था लेकिन इसके बावजूद कंग कांग्रेस के सुभाष चावला से हार गए थे। 2011 में साथ देने का कंग ने भाजपा नेता कृष्ण कुमार को ईनाम दिया है। वार्ड नंबर-5 से कांग्रेस ने शीला फूल सिंह को उम्मीदवार बनाया है।