हाईकोर्ट के आदेश पर सोमवार को जालंधर में स्काइलार्क होटल के अवैध निर्माण को तोड़ने आई निगम टीम की कार्रवाई को पूर्व अकाली विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़ ने बीच में ही रुकवा दिया। इससे खफा सिविल लाइन वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों और क्षेत्र के पार्षद डॉ. जसलीन सेठी ने धरना-प्रदर्शन किया।
नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच की टीम स्काईलार्क होटल के सरकारी जमीन पर किए गए कब्जे को तोड़ने गई थी। टीम की कार्रवाई का विरोध करते हुए होटल स्टाफ ने बहस शुरू कर दी। इस बीच टीम ने डिच मशीन से अवैध निर्माण को तोड़ना शुरू कर दिया था। अभी थोड़ा सा ही अवैध निर्माण तोड़ा गया कि मौके पर पहुंचे पूर्व अकाली विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़ निगम की कार्रवाई को बीच में रुकवा दिया।
इसका विरोध करते हुए सिविल लाइन वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों और पार्षद जसलीन सेठी ने निगम प्रशासन के खिलाफ धरना लगाया दिया। सोसाइटी सदस्यों के अनुसार स्काईलार्क होटल ने सड़क और पार्क की जमीन पर अवैध कब्जा किया है। निगम टीम हाईकोर्ट के आदेश पर अवैध निर्माण तोड़ने पहुंची थी। पूर्व विधायक मक्कड़ ने कार्रवाई को बीच में रुकवा दिया।
पार्षद जसलीन सेठी ने बताया निगम टीम ने सरकारी सड़क पर किए गए कब्जे को कुछ हद तक तोड़ा है। अभी पार्क की जगह खाली करवाना बाकी है। निगम टीम पार्क वाली जगह की मार्किंग कर रही है, जिसे बाद में गिराया जाएगा। उधर, सरबजीत सिंह मक्कड़ ने कहा कि निगम टीम के पास सड़क के अवैध कब्जे को गिराने के लिए हाईकोर्ट के आदेश थे।
सोसाइटी सदस्य पार्क की जगह को लेकर विरोध करने लगे थे। होटल मालिक ने पार्क वाली जगह का बना टैक्स निगम प्रशासन के पास जमा करवाया है। निगम टीम ने सड़क पर हुए अवैध कब्जे को तोड़ा। बिना आर्डर पार्क की जमीन में निर्माण नहीं गिराया जा सकता। सोसाइटी सदस्यों, होटल मैनेजमेंट और निगम अधिकारियों को आपस में बातचीत करने के लिए कहा गया हैं।