नगर निगम सदन की शुक्रवार को होनेवाली बैठक में सेक्टर-17 के पार्किंग का मुद्दा गरमाएगा। इसके लिए कांग्रेस पार्टी ने वीरवार को आपात बैठक की। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने की।
बैठक में फैसला लिया है कि शुक्रवार को नगर निगम सदन की बैठक में सेक्टर-17 के दो पार्किंग एरिया एंपायर स्टोर पार्किंग और साहब सिंह पार्किंग को बंद करने का विरोध किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी ने अपने सभी पार्षदों को निर्देश दिया है कि वह नगर निगम सदन की बैठक में इस विषय को प्रमुखता से उठाए।
बाद में कांग्रेस पार्षदों ने प्री हाउस मीटिंग की इसमें एक टेबल एजेंडा लाने का फैसला किया है। एजेंडा में मेयर द्वारा पार्किंग एरिया को बंद करने के फैसले का विरोध किया जाएगा।
पानी का मुददा भी अहम रहेगा: नगर निगम सदन की बैठक में शहर में हो रही पानी की किल्लत पर भी हंगामा होने के आसार नजर आ रहे हैं। शहर के कई भागों में पानी की भारी किल्लत हो रही है। ऊपरी मंजिलों पर पानी नहीं पहुंच रहा है। नगर निगम के दावे फेल हो रहे हैं। शहर के लोग परेशान हो रहे हैं।
ओपन जिम भी रहेगा मुददा
कांग्रेसी नगर निगम सदन की बैठक में शांतिकुंज में ओपन जिम के उद्घाटन पर भी हंगामा कर सकतेे हैं। कांग्रस पार्टी के पार्षदों ने इसकी तैयारी कर ली है। उधर, भाजपा के पार्षदों ने भी इससे निपटने की सभी तैयारियां कर ली हैं।