चंडीगढ़। नगर निगम चंडीगढ़ की अगली जनरल हाउस बैठक 26 अगस्त को होने की संभावना है और इस बार सदन में जोरदार हंगामे के पूरे आसार हैं। वजह है हाल ही में निगम की इन्फोर्समेंट विंग के कर्मचारी विकास का वीडियो बयान, जिसमें उसने खुलेआम इंस्पेक्टरों के लिए वसूली करने की बात कबूल की है।
पिछली कई बैठकों में कई पार्षद लगातार इन्फोर्समेंट विंग पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अवैध वेंडरों से वसूली के आरोप लगाते रहे हैं। हर बार अधिकारी सबूत की मांग कर मामला टालते रहे, लेकिन इस बार विकास का बयान अधिकारियों को कटघरे में खड़ा कर सकता है। पार्षद साफ कह चुके हैं कि अब बचाव की कोई गुंजाइश नहीं बची है और इस मुद्दे पर सदन में बड़ा हंगामा होना तय है। ऐसे में अधिकारियों को इस बार जवाब देने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। इसके अलावा इस बार की बैठक में स्मार्ट पार्किंग का एजेंडा भी आ सकता है। लंबे समय से टल रहे इस प्रोजेक्ट पर निगम को निर्णय लेना है, क्योंकि पार्किंग व्यवस्था को लेकर लगातार विवाद और शिकायतें सामने आ रही हैं। मेयर हरप्रीत कौर ने कहा कि 26 अगस्त को सदन की बैठक हो सकती है। इसमें कई विकास के एजेंडे लाए जाएंगे और लोगों के जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
गरमाएगा टूटी सड़कों का मुद्दा
बैठक में शहर की खस्ताहाल सड़कों का मुद्दा भी गर्माने की पूरी संभावना है। हाल की बारिश के बाद कई सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं। विपक्षी पार्षद इस मामले में मेयर हरप्रीत कौर बबला को घेरने की तैयारी में हैं। पार्षदों का आरोप है कि निगम ने समय रहते सड़कों की मरम्मत नहीं की, जिसकी वजह से सड़कों की हालत बहुत ज्यादा खराब हो गई है। कई इलाकों में तो सड़कें चलने लायक भी नहीं बची हैं।