क्रांतिकारी राष्ट्र संत मुनि तरुण सागर का रोहतक नगरी में गाजे-बाजे के साथ मंगल प्रवेश हुआ। 51 दीपकों से उनकी आरती उतारी गई। महावीर पार्क में 200 फुट लंबे रैप पर संत का इंद्र-इंद्रानियों ने 108 थालियों में कलशों से पाद प्रक्षालन किया। इसके बाद झज्जर रोड स्थित दिगंबर जैन जती तक विशाल शोभायात्रा निकाली गई।
सेक्टर-1 स्थित भगवान पार्श्वनाथ दिगंबर जैन गजरथ मंदिर से मुनि श्री दिल्ली बाईपास, मेडिकल मोड़, मॉडल टाउन और अशोक चौक से मंगल विहार करते हुए सिविल रोड स्थित भगवान महावीर पार्क में पहुंचे। इस दौरान चौक-चौराहों पर बने स्वागत गेट पर संत के दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। संत ने सभी भक्तों को मंगल आशीर्वाद दिया और भगवान महावीर डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया।
इस दौरान तरुण सागर महाराज के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। कार्यक्रम में जैन सभा के प्रधान राजेश जैन, सतीश, दीप कुमार जैन, प्रभाष, मनोज डब्बू, विजय, अशोक, अनिल, सतीश, आनंद, विजय बंटी, राजीव जैन, बिजेंद्र जैन, राजेश जैन, पीयूष, संतोष जैन, संध्या जैन, समृद्धि, दीपा और पुष्पा मौजूद रहे।
शोभायात्रा में छाया बच्चों का बैंड
मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने बताया कि महावीर पार्क से दिगंबर जैन जती तक शोभायात्रा भी निकाली गई। यह यात्रा छोटूराम चौक, हुड्डा कांप्लेक्स, शांतमई चौक, झज्जर रोड से होते हुए जैन जती में पहुंची। इस यात्रा में दिल्ली और रोहतक के प्रसिद्ध बैंड के साथ स्कूली बच्चों के बैंड ने भी श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। शोभायात्रा में 11-11 घोड़े, ऊंट और झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। राह में श्रद्धालुओं ने संत तरुण सागर की आरती उतारी।