चंडीगढ़ में फिल्मों के शौकीन लोगों के लिए खुशखबरी है। नए साल से नई जीएसटी स्लैब लागू होने के बाद मूवी टिकट के रेट कम हो गए हैं। अधिकतम 15 रुपये तक रेट घट गए हैं। बीते दिसंबर माह में जीएसटी काउंसिल की मीटिंग में केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने 23 गुड्स एंड सर्विसेज पर टैक्स कम किया था। इसमें मूवी टिकट भी शामिल थी।
जीएसटी टैक्स कम होने के साथ ही शहर में मूवी टिकट में 10 से 15 रुपये की कमी आई है। इस संबंध में एक मल्टीप्लेक्स के चीफ जनरल मैनेजर ने बताया कि उन्होंने नए जीएसटी स्लैब के तहत मूवी टिकट की दरें तय कर दी हैं और एक जनवरी से इसकी बिक्री शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि इससे 8 से 10 प्रतिशत मूवी टिकट सस्ती हुई है।
अब इस रेट पर देखें फिल्म
पहले जो मूवी टिकट 200 रुपये की मिल रही थी, वह अब 185 रुपये में मिल रही है। वहीं, 150 रुपये की मूवी टिकट 140 और 125 रुपये की टिकट 115 और 110 रुपये की मूवी टिकट 95 रुपये में बिक रही है। इसके अलावा भी मूवी टिकट के अलग-अलग रेट्स के हिसाब से उनमें 10 से 15 रुपये की कटौती की गई है।
ऐसे घटाए गए मूवी रेट
नए रेट के तहत 100 रुपये तक की मूवी की टिकट को 18 परसेंट टैक्स से घटाकर 12 परसेंट टैक्स की स्लैब में शामिल कर लिया गया था। वहीं, 100 रुपये से अधिक की टिकट को 28 परसेंट टैक्स की स्लैब से घटाकर 18 प्रतिशत जीएसटी में शामिल किया गया था। यही कारण है कि इससे टिकट के रेट कम हो गए।