चंडीगढ़। ऑड-ईवन व्यवस्था हटने के बाद भी शनिवार को मार्केट में लोगों की ज्यादा भीड़ नहीं दिखी। दुकानदार दिनभर ग्राहकों का इंतजार करते रहे, लेकिन दुकानदारों को मायूसी-ही हाथ लगी। वहीं सेक्टर-17 स्थित प्लाजा में लोगों की खूब चहल-पहल दिखी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार से शहर में ऑड-ईवन व्यवस्था खत्म कर दी गई है। अब शहर में सभी दुकानें नियमित रूप से खुल रही हैं। सेक्टर-15 पटेल मार्केट, सेक्टर-22 शास्त्री मार्केट, सेक्टर-19 सदर व पालिका मार्केट, सेक्टर-41 कृष्णा मार्केट सहित अन्य 11 मार्केटों में प्रतिदिन की तरह ही दुकानें खुली थीं। कुछ दुकानदारों ने तो बरामदों तक भी सामान लगा रखा था, लेकिन जिस उम्मीद से सामान लगाया गया था, उस हिसाब से ग्राहक नहीं आए। सेक्टर-22 शास्त्री मार्केट के दुकानदार अश्विनी कुमार ने बताया कि वैसे भी श्राद्ध चल रहे हैं। ऐसे में लोग खरीदारी कम ही करते हैं इसलिए मार्केट में ग्राहकों की संख्या कम है। अब नवरात्र में ही मार्केटों में रौनक लौटेगी।