चंडीगढ़ का मशहूर माउंट कार्मल स्कूल एक बड़ी मुश्किल में फंस गया है। दरअसल, स्कूल मैनेजमेंट के खिलाफ समन जारी होने जा रहे हैं। मामला 10वीं और 12वीं कक्षा के कुछ विद्यार्थियों के रोल नंबर फीस जमा न करने पर रोकने का है। चंडीगढ़ कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स (सीसीपीसीआर) इस पर संज्ञान लेते हुए सोमवार को उसे समन जारी करने के मामले में फैसला लेगा। स्कूल के प्रेसिडेंट को 27 फरवरी को पेश होने के लिए कहा गया है।
स्कूल पैरेंट्स और चंडीगढ़ पैरेंट्स एसोसिएशन की ओर से भी सीसीपीसीआर को शिकायत की गई है। यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि 10वीं और 12वीं क्लास के बोर्ड के रोल नंबर स्कूल की ओर से रोक दिए गए हैं। स्कूल मैनेजमेंट का यह कहना है कि पैरेंट्स ने स्कूल की बड़ी हुई फीस जमा नहीं करवाई है। जब पैरेंट्स अपने सारे ड्यूज क्लीयर कर देंगे तो स्टूडेंट्स को उन्हें रोल नंबर दे दिया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर करीब 150 पैरेंट्स स्कूल की बढ़ी हुई फीस के खिलाफ कोर्ट में गए थे।
पैरेंट्स का कहना है कि उन्हें कोर्ट से स्टे मिली है तो फिर बढ़ी हुई फीस क्यों जमा करवाएं, जबकि बाकी की फीस वे जमा करवा चुके हैं। वहीं, स्कूल कहता है कि कोर्ट में स्टे नहीं है इसलिए वह फीस मांग रहे हैं। पैरेंट्स के सामने दिक्कत यह है कि 5 मार्च से बोर्ड के एग्जाम शुरू हो रहे हैं और उनके पास समय काफी कम है। चंडीगढ़ पैरेंट्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट नितिन गोयल ने कहा कि फीस के मामलों में स्टूडेंट्स को परेशान करना नियमों के खिलाफ है। ऐसा करने पर स्कूल के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो सकती है।
इस मामले को हमने गंभीरता से लिया है। शुक्रवार को सीसीपीसीआर ने इस मामले में संज्ञान लिया है और सोमवार को इस मामले में समन पर विचार किया जाएगा।
- हरजिंदर कौर, चेयरपर्सन, सीसीपीसीआर