देश के तीन शहरों को फ्रांस की सरकार स्मार्ट सिटी बनाने में हरंसभव मदद करेगी। चंडीगढ़ भी इस लिस्ट में शामिल हो गया है। रविवार होटल ताज में इंडिया फ्रांस बिजनेस समिट के बाद एडवाइजर विजय कुमार देव और फ्रांस डेलीगेट्स के बीच स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को लेकर एमओयू साइन हुआ।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद भी मौजूद थे। फ्रांस चंडीगढ़ के साथ ही पांडिचेरी और नागपुर को भी स्मार्ट सिटी के तौर पर डेवलेप करेगा। रविवार को करीब 50 साल बाद फ्रांस राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद चंडीगढ़ दौरे पर पहुंचे। ओलांद ने कहा कि इस शहर से इनका लगाव होना लाजमी है।
फ्रांस आर्किटेक्ट ली कार्बूजिए ने ही चंडीगढ़ को डिजाइन किया था। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चंडीगढ़ और फ्रांस के रिश्तों को नाभी जैसा बताया।
इस मौके पर मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर भी एमओयू हुआ। यह एमओयू इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड के अध्यक्ष और सह प्रबंधक डा.एसपीएस बक्शी और फ्रांस डेलीगेट्स के बीच हुआ। बक्शी ने बताया कि चंडीगढ़ में स्मार्ट सिटी और मेट्रो सेवा दोनों प्रोजेक्ट जल्द शुरू होंगे।
फ्रांस इन दोनों प्रोजेक्ट में चंडीगढ़ की मदद करेगा। डा.बक्शी के अनुसार अगले 45 दिन के भीतर एमओयू की अगली रूपरेखा पर काम शुरू कर दिया जाएगा। होटल ताज में हुए एमओयू के समय यूटी प्रशासन के गृहसचिव अनुराग अग्रवाल, उपायुक्त अजीत बालाजी जोशी सहित कुछ अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
मोदी ने नहीं की कोई बड़ी घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर चंडीगढ़ काफी उम्मीदें लगाए हुए था। लेकिन मोदी ने शहर के लिए कोई बड़ी घोषणा या वादा नहीं किया। केंद्रीय शहरी एंव विकास मंत्रालय की ओर से जल्द ही टॉप 20 स्मार्ट सिटी की घोषणा की जानी है। मोदी ने कार्यक्रम में किसी तरह की कोई बड़ी घोषणा नहीं की है।
भारत में मिलिट्री हेलीकॉप्टर्स बनाने का करार
एयरबस हेलीकॉप्टर्स और महिंद्रा डिफेंस ने ‘मेक इन इंडिया’ सहभागिता में बड़ा कदम बढ़ाते हुए पिछले साल जुलाई में संयुक्त उपक्रम बनाने के समझौता पत्र पर हस्ताक्षर करने के बाद रविवार को हुए ‘स्टेटमेंट ऑफ इंटेंट’ पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत भारत में मिलिट्री हेलीकॉप्टर्स बनाने का करार किया।
इस समझौते पर होटल ताज में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रेंच राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद की मौजूदगी में दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों के बीच ‘स्टेटमेंट ऑफ इंटेंट’ पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर एयरबस हेलीकॉप्टर्स के प्रेसिडेंट एवं सीईओ गुलियाम फ्योरी और महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड की एयरोस्पेस एंड डिफेंस के ग्रुप प्रेसिडेंट एसपी शुक्ला भी मौजूद रहे।