चंडीगढ़। मां मुझे माफ कर देना... मेरा स्थान केवल माता रानी के चरणों में ही है। यह कदम मैं अपनी मर्जी से उठा रही हूं और इसमें किसी कोई कोई दोष नहीं है। दो लाइनों का सुसाइड नोट लिखकर सेक्टर-56 स्थित चार मंजिला फ्लैट्स में रहने वाली 20 साल की युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और मोर्चरी में रखवाया। मृतका का मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जानकारी के मुताबिक कुछ समय पहले ही 12वीं पास शालू छोटी-बड़ी बहन, माता-पिता के साथ चार मंजिला फ्लैट में रहती थी। उसके परिजन लेबर का काम करते है। सोमवार सुबह बड़ी बहन ने देखा कि एक कमरे में शालू गले में चुन्नी से फंदा लगा लटकी हुई थी। बहन को देख उसकी चीखें निकल गईं, जिसके बाद आसपास के लोग भी वहां एकत्र हो गए। सूचना पाते ही पलसाेरा चौकी सहित सेक्टर-39 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फाॅरेंसिक की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इस दौरान पुलिस को एक पेज का सुसाइड नोट मिला, जिसमें महज दो से तीन लाइनें ही लिखी थीं। पुलिस ने उक्त सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया और शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामे के बाद जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में पहुंचाया। मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।