मूसलाधार बारिश के कारण होशियारपुर के समीपवर्ती गांव शेरपुर बाहतियां में फार्म हाउस पर रह रहा एक परिवार चो में आई बाढ़ की चपेट में आ गया। पानी के तेज बहाव में उनका घर ढह गया और परिवार के सदस्य तेज बहाव में बह गए। परिवार के मुखिया राजू थापा ने खुद को किसी तरह संभाला और पानी से बाहर निकले।
उनकी पत्नी और पांच साल की बेटी पानी में बह गए। उसने उन्हें बचाने के काफी प्रयास किए लेकिन पानी के तेज बहाव के आगे बेबस रहा। इस बारे में पता चलने पर इलाके के लोग और मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों की खोज शुरू की। काफी मशक्कत के बाद सोमवार को थापा की पत्नी सीमा थापा का शव ढूंढ लिया गया।
बच्ची का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। गीता की तलाश की जा रही है। खबर लिखे जाने तक उसका कुछ पता नहीं चला था। यह परिवार मूलरूप से नेपाल का रहने वाला है और यहां पर किसी के फार्म हाउस पर रह रहा था। थाना सदर पुलिस के एएसआई राज कुमार के अनुसार लापता बच्ची की तलाश जारी है।