सोमवार देर रात 10 बजे हरियाणा के एक राज्यमंत्री के काफिले की पायलट गाड़ी का टायर फट जाने के बाद एक पेड़ से टकरा गई। इसमें एक की मौत हो गई और सवार दो अन्य व्यक्ति घायल हो गए हैं।
लालड़ू थाने के एएसआई गुरवचन सिंह ने बताया कि हादसा अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर लालड़ू के पास गांव सिरसिनी में जीवन ढाबे के पास हुआ। हादसे के वक्त गाड़ी में तीन लोग सवार थे। जिनमें से एक संदीप की मौत हो गई है और अन्य दो घायल संजीव और करमपाल सिंह का जीएमएसएच-32 में उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि राज्यमंत्री का काफिला अंबाला से चंडीगढ़ लौट रहा था। हादसे के वक्त संदीप गाड़ी चला रहा था। अचानक पायलट वाहन जिप्सी का टायर फट जाने के बाद वो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।