इतना ही नहीं शहर के कई वार्ड ऐसे भी जिनमें सफाई का काम अभी 70-80 फीसदी तक बचा हुआ है। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि इस बार मानसून एक सप्ताह पहले आ सकता है। ऐसे में देखा जाए जो चंडीगढ़ में 24 जून या इससे भी पहले मानसून के आने की संभावना है। ऐसे में अभी 7000 रोड-गलियों की सफाई का काम अधूरा पड़ा है। वी-3, 4, 5 और 6 इसमें से किसी भी सड़क से जुड़ी रोड-गलियों की शत प्रतिशत सफाई नहीं हो पाई है।
सदन में भी उठा था मुद्दा
वहीं, हाल ही में तीन जून को हुई सदन की बैठक में आम आदमी पार्टी की ओर से यह मुद्दा उठाया गया था। इसमें पार्षदों का कहना था कि मानसून आने वाला है, लेकिन अभी तक सफाई का काम पूरा नहीं हुआ है। यहां तक कि पिछले कुछ दिनों से बारिश हो भी रही है। ऐसे में अब तक यह काम हो जाना चाहिए। हालांकि नगर निगम ने 30 जून तक रोड-गलियों की सफाई का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
शहर में सेक्टर-36 से 38, 38वेस्ट और 39 से 42 के अलावा ईडब्ल्यूएस धनास, मिल्क कॉलोनी धनास, गांव बटरेला, चमन, अमन, सेक्टर-25 कॉलोनी, गांव पलसोरा, सेक्टर 53, सेक्टर-54, सेक्टर-54, मलोया कॉलोनी, धनास हाउसिंग बोर्ड फ्लैट समेत कई इलाकों को मिलाकर करीब 10 हजार से ज्यादा रोड गलियां हैं। यहां भी अभी 45 फीसदी से ज्यादा सफाई करने का काम बचा है।
इसके अलावा सेक्टर 18, 26, 27, 28, 31, 47, 48, बापूधाम, ट्रांसपोर्ट एरिया, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1, हल्लोमाजरा, बहलाना, रायपुर खुर्द जैसे इलाकों को मिलाकर करीब 6220 रोड-गलियां है। इनमें ज्यादातर इलाकों में 50 फीसदी ही काम हो पाया है।
20 फीसदी काम होने का दावा
आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रेमलता का कहना है कि उनके वार्ड नंबर-23 में रोड-गलियों की सफाई का काम 20 फीसदी भी नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि सफाई की रफ्तार काफी धीमे है। ऐसे ही काम होते रहा तो लोगों को बारिश में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
जलभराव वाली जगह चिन्हित करने का आदेश
नगर आयुक्त अमित कुमार ने इंजीनियरों को साफ तौर पर निर्देश दे रखा है कि सफाई का काम तेजी से किया जाए। इसके अलावा उन्होंने सभी वार्ड में उन इलाकों को चिन्हित करने का आदेश भी दिया है जहां पर बारिश के दाैरान जलभराव बहुत अधिक होता है। इसके लिए स्थानीय पार्षदों से भी सूची मांगी गई है, जिससे कि इस बार बारिश में लोगों को राहत मिले।
कोट
रोड-गलियों की सफाई का काम तेजी से चल रहा है। करीब 60 फीसदी काम पूरा कर लिया गया है। 30 जून तक 100 फीसदी काम पूरा कर लिया जाएगा। -हरप्रीत कौर बबला, मेयर, चंडीगढ़