तीन दिन की बारिश ने चंडीगढ़ को कई ऐसे जख्म दे दिए हैं, जिन्हें भरने में काफी समय लगेगा। किशनगढ़ का पुल बह गया है। इंडस्ट्रियल एरिया के गोशाला के पास का पुल और शास्त्री नगर का रास्ता भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है। परेड ग्राउंड और जापानी ग्राउंड के पास बहुत बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिन्हें भरने में काफी समय लगेगा।
शहर में भारी बारिश भले बंद हो गई है, लेकिन अब पानी से हुए नुकसान नजर आने लगे हैं। मंगलवार को उन रास्तों पर काफी मिट्टी, रेत और बजरी नजर आई, जिन पर दो दिनों से पानी भरा हुआ था। सेक्टर-17 के आईएसबीटी चौक पर पूरे दिन नगर निगम के सफाई कर्मचारी रेत व बजरी को हटाते हुए नजर आए। सुखना लेक की तरफ से किशनगढ़ का पुल बह गया। उसके साथ एसटीपी की दीवार भी गिर गई। इसे बनने में अब कई दिन लग जाएंगे। किशनगढ़ के लोगों को अगले कुछ दिनों तक काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
सड़क का आधा हिस्सा बहा
इसके अलावा खुड्डा अलीशेर से कैंबवाला की तरफ जाने वाली सड़क का आधा हिस्सा भी मंगलवार को बह गया। वहां के लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं, क्योंकि सड़क का बाकी हिस्सा भी ढह सकता है। इससे गांव की कनेक्टिविटी टूट जाएगी और अगर फिर तेज बारिश हुई तो गांव का भी काफी नुकसान हो सकता है। उधर, विकास नगर के रेलवे अंडरपास में अभी भी पानी भरा हुआ है। फायर विभाग की तरफ से लगातार मोटर से पानी निकाला जा रहा है लेकिन अभी भी काफी पानी है। बताया जा रहा है कि पानी निकालने में दो दिन का समय लग जाएगा। इसकी वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
दो-तीन दिन में खुल जाएंगी ज्यादातर सड़कें: ओझा
यूटी प्रशासन के चीफ इंजीनियर सीबी ओझा ने कहा कि मंगलवार को उन्होंने सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों का दौरा किया। किशनगढ़ का जो पुल टूटा है, उसे ठीक करने में कुछ दिन लगेंगे। हालांकि पुल के कंक्रीट स्ट्रक्चर को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। इसलिए उम्मीद की जा रही है कि एक हफ्ते के अंदर उसे ठीक कर लिया जाएगा।
खुड्डा अलीशेर से कैंबवाला की तरफ जाने वाली सड़क को काफी नुकसान हुआ है। वहां पर अस्थायी तौर पर बेरिकेडिंग की गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि उस रास्ते का इस्तेमाल न करें, क्योंकि हादसा हो सकता है। सीबी ओझा ने बताया कि शास्त्री नगर के पुल को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है। सिर्फ रेलिंग और डिवाइडर आदि टूटे हैं, जिसे दो-तीन दिन में ठीक करके सड़क को आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
बारिश की वजह से हुए नुकसान की सलाहकार धर्मपाल ने की समीक्षा
भारी बारिश की वजह से शहर की सड़कों व पुलों को हुए नुकसान की प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने मंगलवार को समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों से विस्तृत रिपोर्ट ली। प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग की तरफ से बताया गया कि कुल 16 सड़कें क्षतिग्रस्त हुई थीं, जिनमें से आठ को ठीक कर आवाजाही के लिए खोल दिया गया है, जबकि अलग-अलग स्थानों पर 8 सड़कें अभी भी क्षतिग्रस्त हैं, जिन्हें एक हफ्ते के अंदर ठीक कर लिया जाएगा। नगर निगम की तरफ से बताया गया कि सड़कों को ठीक करने, रोड गलियों को साफ करने, मलबा को हटाने आदि का काम जारी है। उनके सात मुख्य रास्तों को ज्यादा नुकसान पहुंचा है, उन्हें ठीक करने में थोड़ा समय लगेगा क्योंकि उसके लिए टेंडर प्रक्रिया का पालन करना पड़ेगा।