मानसून ने दस्तक दे दी है। इसे देखते हुए चंडीगढ़ वन विभाग ने सात दिवसीय वन महोत्सव मनाने का फैसला लिया है। इसके तहत इसके तहत अलग-अलग इलाकों में एक हफ्ते पौधारोपण किया जाएगा। इस अभियान में पर्यावरण से जुड़ी शहर की कई संस्थाएं भी जुड़ेंगी। इस साल वन विभाग ने पूरे चंडीगढ़ में दो लाख 20 हजार पौधे लगाने का फैसला किया है। इन सात दिनों के भीतर हजारों पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
वन विभाग के चीफ कंजरवेटर संतोष कुमार ने बताया कि वन महोत्सव की शुरुआत सात जुलाई से सेक्टर-10 स्थित होम साइंस कॉलेज से होगी। इसका शुभारंभ प्रशासक प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी करेंगे। आठ जुलाई को पौध मेला का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत सुखना लेक स्थित लेक क्लब की पार्किंग में फॉरेस्ट डिपार्टमेंट, नगर निगम का हार्टीकल्चर विंग और इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट स्टॉल लगाएगा। फॉरेस्ट डिपार्टमेंट अपने स्टॉल पर मुफ्त में पौधे देगा, जबकि बाकी स्टॉल पर बहुत ही कम रेट पर पौधे दिए जाएंगे।
चंडीगढ़ का कोई भी निवासी लेक पार्किंग में आकर पौधे ले सकता है। इस दौरान एक्सपर्ट पौधे के महत्व और उसे रोपने के लिए जरूरी बातें भी बताएंगे। इसी दिन सुखना लेक के पीछे नगर वन उद्यान योजना में पौधारोपण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सलाहकार परिमल राय मौजूद रहेंगे। 11 जुलाई को इको-क्लब डे मनाया जाएगा। इस दौरान इको क्लब अपने-अपने स्कूल और कॉलेजों में पौधारोपण करेंगे। इस दौरान गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल सेक्टर-37बी में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में वन विभाग के चीफ कंजरवेटर संतोष कुमार मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। 13 जुलाई को एनजीओ डे मनाया जाएगा। चंडीगढ़ की सभी एनजीओ पाटर्नरशिप इनिशिएटिव प्रोग्राम (पीआईपी) के तहत शहर में पौधारोपण करेंगे। 15 जुलाई को हर्बल डे मनाया जाएगा। इस दौरान सभी स्कूल में मेडिसिनल प्लांट बांटे जाएंगे। सेक्टर-47डी गवर्नमेंट मॉडल हाई स्कूल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में फॉरेस्ट एंड एन्वायरमेंट डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी अनुराग अग्रवाल मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। 18 जुलाई को रेजिडेंट वेलफेयर डे मनाया जाएगा। इसके तहत सभी आरडब्ल्यूए सेक्टरों व कॉलोनी में पौधारोपण करेंगे।