चंडीगढ़। पीयू में आर्ट्स ब्लॉक एक की दो टंकियों में बंदर और पक्षी का कंकाल मिला। हफ्तों से इवनिंग समेत विभिन्न विभागों के 400 से अधिक विद्यार्थी इन्हीं टंकियों का पानी पी रहे थे। इससे रोष में आए विद्यार्थी शनिवार को विभागाध्यक्ष के दफ्तर के सामने धरने पर बैठ गए। धरना रात दस बजे तक चला। अधिकारियों के आश्वासन पर छात्रों ने अपना धरना खत्म किया।
शुक्रवार को टंकियों में बंदर और पक्षी के कंकाल के मिलने की घटना तब सामने आई जब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट आर्गेनाईजेशन (यूएसओ) के छात्रों ने आर्ट्स ब्लॉक-1 की छत पर टंकियों का नीरीक्षण किया। यूएसओ से गौरव ने बताया काफी दिनों से दोस्तों को फूड पॉइजनिंग समेत अन्य बीमारियां हो रही थीं। ऐसे में वह छत पर पानी की टंकी देखने चले गए। चार टंकियों में से दो पर ढक्कन ही नहीं लगे थे। एक टंकी में बंदर का कंकाल मिला और दूसरे में पक्षी का। बाकी की दो टंकियों में मिट्टी भरी हुई नजर आई। समय पर टंकी साफ न करने पर विद्यार्थियों ने विभागाध्यक्ष के दफ्तर के बाहर धरना दिया।
शनिवार शाम साढ़े चार बजे से धरना शुरू हुआ और रात 10 बजे तक जारी रहा। डीएसडब्ल्यू प्रो. अमित चौहान और डीएसडब्ल्यू वुमन प्रो. सिमरत काहलों ने विद्यार्थियों से आकर बात की। विभागाध्यक्ष प्रो. नीरज जैन ने भी टंकी साफ करवाने की बात कही। हालांकि धरने पर बैठे विद्यार्थियों ने बताया की पीयू प्रशासन की ओर से सिर्फ एक बार सफाई कराने की बात कही गई और आगे से कब और कितने समय में सफाई करेंगे, उसके बारे में कुछ नहीं कहा गया।
डीएसडब्ल्यू प्रो. अमित चौहान ने बताया टंकी में कंकाल बंदर का लग रहा है लेकिन असल में वह क्या है इसका पता सफाई करने पर ही चल पाएगा। उन्होंने कहा समय पर टंकियों की सफाई करवाई जाती है। जहां तक ढक्कन न होने और कंकाल के मिलने की बात है तो विभागाध्यक्ष को समय पर निरीक्षण करना चाहिए। यूएसओ के विद्यार्थियों ने पीयू प्रशासन को दो डिन का अल्टीमेटम दिया है।