पीजीआई कैंटीन में वीरवार दोपहर पीयू के एक स्टूडेंट द्वारा पीजीआई के महिला डाक्टर से छेड़खानी के बाद जमकर बवाल मचा। घंटों हंगामा मचाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद महिला डाक्टर ने गलतफहमी होने का हवाला देकर लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया।
पुलिस के अनुसार घटना वीरवार की दोपहर फर्स्ट फ्लोर स्थित कैंटीन में हुई। पीयू में एमएससी क ा स्टूडेंट एक महिला डाक्टर के पास गया। इसी दौरान महिला डाक्टर ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया।
उसने बताया कि स्टूडेंट ने उसके साथ छेड़खानी की। कैंटीन में घंटों विवाद चलता रहा। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पीजीआई चौकी पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की। लेकिन, पुलिस पूछताछ के दौरान महिला डाक्टर अपने बयानों से पलट गई। उसने पुलिस को बताया कि उसको छेड़खानी होने की गलतफहमी हो गई थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस को कोई शिकायत दर्ज न करवाने का बात लिखित तौर पर दी।
वहीं, चौकी प्रभारी उषा रानी के अनुसार पुलिस को महिला डाक्टर से छेड़खानी की शिकायत मिली थी। लेकिन, मौके पर पहुंचने के बाद शिकायतकर्ता ने बताया कि उसको गलतफहमी हो गई थी। इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहती।