एक महिला कर्मचारी ने एक एचसीएस अफसर के खिलाफ पुलिस और विभाग के निदेशक से छेड़छाड़ की शिकायत की है। पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मामले की शिकायत विभाग के निदेशक से की गई है और उन्होंने जांच संयुक्त निदेशक को सौंपी है।
युवती ने महिला थाने को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि पिछले कुछ दिनों से एचसीएस अफसर लगातार उसका पीछा कर रहा था। मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अफसर ने उसको अपने केबिन में टाइपिंग के बहाने बुलाकर लंच ऑफर किया। युवती का आरोप है कि जब उसने लंच करने से मना कर दिया तो अधिकारी ने उसके साथ छेड़छाड़ की।
शोर मचाने पर साथी कर्मी भी युवती के बचाव में पहुंच गए। युवती का आरोप है कि एक दिन पहले भी एचसीएस अधिकारी ने कॉफी ऑफर किया था, जिसे उसने मना कर दिया था। सूत्रों के मुताबिक एचसीएस अधिकारी ने करीब दो महीने पहले यहां ज्वाइन किया है। लेकिन उसके व्यवहार महिला कर्मियों में भय है। इस घटना की शिकायत मिलते ही दफ्तर के तमाम कर्मियों ने भी विरोध दर्ज कराते हुए अफसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अधिकारी ने दिखाया रौब
घटना के बाद जब अधिकारी को गाड़ी में बैठाकर ले जाया जा रहा था, तो उसने रौब डालते हुए पुलिस अधिकारी के बारे में पूछताछ की। युवती के परिजनों ने अफसर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत मिलने के बाद डीडीआर दर्ज कर ली है। मामले से जुड़े तमाम पहलुओं की छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जाएगी, जबकि विभाग ने भी इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
- राजेश कुमारी, एसएचओ, महिला थाना, पंचकूला