पुन्हाना विधानसभा सीट से टिकट कटने के बाद कांग्रेस पार्टी के नेता मो. एजाज ने अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार मो. इलियास के नामांकन के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर दी है। उन्होंने इलियास का नामांकन रद्द करने तथा सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित करने की अपील की गई है।
मो. एजाज ने हाईकोर्ट को बताया कि उन्हें कांग्रेस पार्टी से पुन्हाना विधानसभा सीट के लिए टिकट मिला था। इसके बाद उन्होंने 1 बजकर 28 मिनट पर नामांकन दाखिल किया था। याची को यह जानकर हैरानी हुई कि उनका नामांकन अस्वीकार कर दिया गया जबकि मो. इलियास का नामांकन कांग्रेस के लिए स्वीकार कर लिया गया।
याची ने कहा कि मो. इलियास ने नामांकन 3 बजे के बाद भरा था फिर भी यह स्वीकार किया गया। नियम के अनुसार 3 बजे के बाद नामांकन स्वीकार ही नहीं किया जा सकता है। चुनाव अधिकारी से मिलीभगत कर मो. इलियास ने नामांकन भरने में धोखा किया है।
याची ने हाईकोर्ट से अपील की कि मो. इलियास का नामांकन रद्द किया जाए और उसके नामांकन में लगी आपत्तियों को हटाया जाए। साथ ही उन्होंने सीसीटीवी कैमरा की फुटेज सुरक्षित करने और याची को उपलब्ध करवाने की भी अपील की। याचिका में इस मामले की जांच करवाने के निर्देश दिए जाने की भी अपील की गई है। हाईकोर्ट इस याचिका पर जल्द ही सुनवाई करेगा।