मोहाली से पंचकूला तक बनाई जा रही 200 फुटी एरोसिटी रिंग रोड के निर्माण के बीच में आ रही जगह पर बुधवार गमाडा के अधिकारियों ने कब्जा कर लिया। गमाडा की तरफ से चलाई गई विशेष मुहिम के तहत उन्होंने जमीन पर की गई चारदीवारी को गिरा दिया। इस दौरान जमीन मालिकों ने इसका विरोध भी किया। गमाडा के सहायक इंजीनियर हरविंद्र सिंह ने बताया कि 200 फुटी रिंग रोड को मास्टर प्लान में मोहाली से पंचकूला तक जोड़ने की योजना बनाई गई थी।
उन्होंने बताया कि मोहाली से जीरकपुर में से निकल रही चंडीगढ़-अंबाला मुख्यमार्ग तक सड़क का कार्य मुकम्मल कर लिया गया था, लेकिन मुख्यमार्ग से पीरमुछल्ला तक बनाने के बीच हाईवे पर स्थित डी-कैथलॉन स्पोर्ट्स शोरूम के करीब जमीन मालिक द्वारा करीब डेढ़ से दो एकड़ जमीन के मालिक ने जमीन एक्वायर करने के खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में एक याचिका दायर कर रखी थी।
जमीन के मालिक को हाईकोर्ट द्वारा स्टे जारी की गई थी जिस कारण पीरमुछल्ला तक कार्य बीच में ही लटक गया था। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व हाईकोर्ट ने इस स्टे को हटा दिया था जिसके बाद जमीन मालिक को कानूनी तरीके के साथ बुधवार कब्जा लेने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया था।
इसके तहत ही कार्रवाई करते हुए गमाडा के नायब तहसीलदार के नेतृत्व में चलाई मुहिम के तहत करीब डेढ़ से दो एकड़ जमीन को कब्जे में ले लिया। अब चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर पीरमुछल्ला तक सड़क का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर गमाडा के एसडीओ दविंद्र कुमार, सहायक इंजीनियर हरजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।