गांव मटौर मे सोमवार शाम को हुई फायरिंग मामले में भले ही पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हों, लेकिन पता चला है कि जो दो युवक फायरिंग के दौरान सीआईए टीम ने उठाए थे। उनमें से एक मोहाली और एक जीरकपुर का रहने वाला है। दोनों युवक किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस ने पूरी तरह से उनके मामले की जांच कर ली है। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया है। वहीं, मंगलवार शाम मटौर थाने के एसएचओ महेश सैनी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पूरे इलाके का मुआयना किया।
इस दौरान लोगों से भी पूछताछ की गई। वहीं, फायरिंग की घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जिक्रयोग है कि सोमवार को मोहाली पुलिस को सूचना मिली थी कि मुंबई का शॉप शूटर इलाके में आ रहा है। इसके बाद पूरी प्लानिंग से ट्रैप लगाया गया था। इसी बीच पुलिस ने गलती से शूटर समझकर दो युवकों की गाड़ी पर फायरिंग कर दी। इससे पुलिस की इलाके में काफी किरकिरी हुई है। अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं है।
एसएसपी ने लगाई अधिकारियों की क्लास
जानकारी के मुताबिक, एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को एक मीटिंग बुलाई थी। इसमें शहर में बढ़ रहे आपराधिक मामलों पर चर्चा की। मीटिंग में एसपी सिटी गुरसेवक सिंह की निगरानी में डीएसपी आलम विजय सिंह व वरिद्रजीत सिंह समेत 5 पुलिस थानों के एसएचओ समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, एसएसपी ने क्राइम दर को कम करने की नसीहत दी।