स्वच्छता दर्पण के तहत जिला मोहाली को देश का पहले जिला होने का सम्मान प्राप्त हुआ है। देश का नंबर-1 जिला बनने पर दो अक्तूबर को दिल्ली में हुए कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एसएस आहलुवालिया ने डीसी मोहाली को राष्ट्रीय स्वच्छ भारत पुरस्कार-2017 दिया।
साथ ही जिले के ग्रामीण क्षेत्र को खुले में शौच जाने से मुक्त करने के लिए 2 अक्तूबर 2014 को शुरू की गई स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण मुहिम के तहत जिले के सभी 349 गांवों को खुले में शौचमुक्त कर दिया गया है। केंद्र सरकार के जल सप्लाई व स्वच्छता मंत्रालय की ओर से जुलाई 2017 से स्वच्छता दर्पण प्रोग्राम शुरू किया गया था।
इसमें स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत देश के सभी जिलों की विभिन्न गतिविधियों का मूल्यांकन किया गया। इसमें घरों में बने शौचालय की कवरेज, ओडीएफ कवरेज, ओडीएफ कवरेज मिसिंग हाउस होल्ड, न इस्तेमाल योग्य शौचालय शुरू करने के 50 नंबर, ओडीएफ को लगातार बरकरार रखने के 15 नंबर, काम की पारदर्शिता के 25 नंबर (कुल 90 नंबर) रखे गए थे।
इस सभी गतिविधियों को मुकम्मल करके 90 में से 90 नंबर प्राप्त करके राष्ट्रीय स्तर पर जिले ने पहला स्थान प्राप्त किया है। डीसी ने बताया कि जिले को यह सम्मान जागरूक लोगों, पंचायतों, जल सप्लाई विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों व मोटीवेेटरों द्वारा किए गए प्रयासों से यह लक्ष्य हासिल हुआ है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता अभियान में बेहतरीन कारगुजारी करने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।