इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए चंडीगढ़ पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने मन की बात रखी।
पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को बड़ा भाई बताते हुए खट्टर ने अपना बड़प्पन दिखाने के साथ पंजाब का सम्मान भी कायम रखा। मोदी के मंच पर खट्टर ने कहा कि पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ की कई मामलों में साझी विरासत है।
हमारी राजधानी, विधानसभा और हाईकोर्ट सब एक हैं। अब एयरपोर्ट भी एक है। इसका लाभ ट्राईसिटी के साथ हिमाचल को भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब, हरियाणा का बड़ा भाई है। बादल साहब बड़े भाई की तरह प्रेम और आशीर्वाद बनाए रखें। कुछ साझी कठिनाइयां हैं, जिन्हें बादल साहब के साथ मिल-जुलकर हल कर लेंगे। इसके बाद पूरा उत्तर भारत एक साथ आगे बढ़ेगा।
खट्टर ने कहा कि एयरपोर्ट विकसित होने के बाद हरियाणा के साथ लगती 100 किलोमीटर शिवालिक बेल्ट को इसका लाभ होगा। यहां पर प्राकृतिक चिकित्सा की संभावनाएं हैं। लिहाजा, हम इस क्षेत्र को विकसित करेंगे।
इससे मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा हरियाणा के हिसार में भी सरकार का एयरपोर्ट विकसित करने का प्लान है। दिल्ली से भी हरियाणा नजदीक है। चारों तरफ से हवाई सेवा का लाभ मिलने से हरियाणा तेजी से विकसित होगा।