21 जून को पीएम मोदी की चंडीगढ़ विजिट का साइड इफेक्ट लोगों के साथ-साथ खेलों को भी झेलना पड़ रहा है। हुआ यूं कि सेक्टर-16 स्टेडियम में चल रही क्रिकेट चैम्पियनशिप का मैच बीच में ही रुकवा दिया गया, वो भी योग के लिए। मैच श्रीलंका के कंदूकारा और क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया के बीच मैच खेला जा रहा था, लेकिन मैच को उस समय आधे घंटे के लिए रोकना पड़ा जब प्रशासन के अधिकारी कुछ छात्रों को लेकर ग्राउंड में पहुंच गए और मैदान खाली करने को कहा।
अधिकारियों का कहना था कि मैदान पर योग करवाना है, जबकि क्रिकेट चैंपियनशिप के आयोजकों का कहना था कि उन्होंने पहले से मैच की परमिशन ले रखी है। अधिकारियों के आगे आयोजकों की एक न चली और उन्हें मैच आधे घंटे के लिए रोकना पड़ा। शुक्रवार को पहली पारी में श्रीलंका का कंदूकारा क्लब बल्लेबाजी कर रहा था। मैच में अभी 13 ओवर ही फेंके गए थे कि तभी प्रशासन के अधिकारी वहां पहुंच गए। उनके साथ काफी संख्या में स्टूडेंट्स थे।
प्रशासनिक अधिकारी ने आयोजकों को तुरंत मैच रोकने केआदेश दिए और कहा कि खिलाड़ी मैदान से हट जाएं। हमें मैदान पर योग करवाना है। क्रिकेट आयोजकों ने काफी समझाया कि हमारी बुकिंग पहले से हुई है। आप ऐसे मैच बीच में नहीं रुकवा सकते, लेकिन प्रशासन के अधिकारियों ने उनकी एक बात नहीं मानी और आधे घंटे के लिए मैच बीच में रुकवाकर योगा की कक्षा लगाई गई।
इसके बाद ही मैच दोबारा शुरू हो सका। क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया के आयोजक के अनुसार हमने क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए 15-17 जून तक क्रिकेट स्टेडियम बुक कराया है। सुबह मैच चल रहा था। करीब 9:30 बजे हमे मैच रोकने के लिए कहा गया। हमने काफी कहा भी लेकिन हमारी बात नहीं मानी गई।