चंडीगढ़। बुडै़ल जेल में विदेश की तरह अब परिजन कैदियों से मुलाकात कर सकेंगे। इसके लिए यहां 16 आधुनिक मुलाकात कमरे बनाए गए हैं। साथ ही जेल में एक रेडियो स्टेशन भी बनाया गया है। सोमवार को प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने आधुनिक मुलाकात कक्ष का उद्घाटन किया। मुलाकात रूम से उन्होंने अंदर कैदी के स्थान पर मौजूद एक पुलिसकर्मी से फोन पर बात कर व्यवस्था का जायजा भी लिया। इसके बाद प्रशासक व अन्य अधिकारियों ने कैदियों के साथ जेल में बना हुआ खाना खाया। इस मौके पर डीजीपी प्रवीर रंजन, गृह सचिव नितिन कुमार, आईजी ओमवीर बिश्नोई, आईजी जेल दीपक पुरोहित, जेल सुपरिंटेंडेंट अमनदीप सिंह, मुकेश कुमार व अन्य मौजूद रहे।
जेल के एक अधिकारी ने बताया की जेल में मुलाकात के लिए 16 कमरे बनाए हैं। पहले कैदियों को मिलने के दौरान काफी शोरशराबा और भीड़ रहती थी लेकिन अब मुलाकात के लिए बनाए गए कमरे में कैदियों से परिजनों की मुलाकात होगी। कैदी और मुलाकातियों के बीच शीशे की दीवार होगी। दोनों आमने-सामने से एक दूसरे को देख पाएंगे। उन्हें बात करने के लिए फोन दिए जाएंगे। जिससे वह बात कर सकेंगे। वहीं, रेडियो स्टेशन में कोई भी कैदी अपनी कला दिखा सकेंगे। इस रेडियो स्टेशन से जेल में कोई भी संदेश देना होगा तो वह यहीं से दे सकते हैं।