सीएम ने कहा कि पटियाला में सिटी बसों के लिए पुराने बस स्टैंड को भी चालू रखा जाएगा। मान ने कहा कि लोगों की मुश्किलें खत्म करना और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना हमेशा हमारी सरकार की प्राथमिकता रही है। सीएम मान ने कहा कि पटियाला वासियों की लंबे समय से चली आ रही सिटी बस स्टैंड की मांग पूरी हो गई है। लगभग 61 करोड़ की लागत से बने अति आधुनिक और सुंदर बस स्टैंड का उद्घाटन किया गया है।
इस दौरान सीएम ने कहा कि 20 साल बाद अबोहर और फाजिल्का के लोगों ने नहर के पानी से धान रोपी। जनता की सलाह पर सरकार सब कुछ कर रही है। जनता की अपनी सरकार उनके सभी दुखों और खुशियों में साथ खड़ी है। पंजाब स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि पटियाला में मॉडर्न बस स्टैंड से पटियाला के लोगों को राहत मिलेगी। इससे आसपास के लोगों को भी राहत मिलेगी। इससे पहले बस स्टैंड के बीच शहर होने के चलते ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। अब ऐसा नहीं होगा।
बस ड्राइवर-कंडक्टरों के लिए विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बस स्टैंड पर बस ड्राइवर-कंडक्टरों के लिए भी खास व्यवस्था की गई है। उनके लिए विशेष आरामगाह बनाया गया है। आराम नहीं मिलने से अधिक सड़क हादसे होते हैं। इस बात को ध्यान में रखकर ड्राइवर-कंडक्टरों के लिए आरामगाह और खान-पान को प्राथमिकता दी गई है। आने वाले समय में हम ऐसे और बस स्टैंड बनाएंगे।
बस स्टैंड के अलावा यह भी बोले सीएम मान
पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि जालंधर के वोटर्स ने राज्य सरकार की विकास प्रमुख नीतियों के हक में जनादेश देकर रिवायती पार्टियों की नकारात्मक और नफरती राजनीति के दुष्प्रचार को नकार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब फिर से नंबर एक बनने के रास्ते पर है, क्योंकि लोगों द्वारा चुनी हुई सरकार रोज नए प्रोजेक्ट लोगों को समर्पित कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है कि जब नीतियां लोगों के साथ व्यापक विचार-विमर्श कर बनाई जा रही हैं। भगवंत मान ने कहा कि यह काफी गर्व और संतुष्टी वाली बात है कि फाजिल्का जिले के किसानों ने पहली बार कपास की फसल नहरी पानी से लगाई है।

धान की बुआई पर भी दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली बचाने के लिए एक और बड़ी पहल करते हुए राज्य सरकार ने पंजाब में धान की बुआई चरणबद्ध ढंग से करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि धान की बुआई 10 जून से शुरू होगी और राज्य भर में 10 जून के अलावा 16, 19 और 21 जून को धान की बुआई की इजाजत होगी। इस काम को प्रभावशाली ढंग से पूरा करने के लिए बिजाई के लिए पंजाब को चार जोनों में बांटा गया है।