चंडीगढ़ में पहली बार मॉडल वेंडिंग जोन बनने जा रहे हैं। इनकी शुरुआत मनीमाजरा से होगी। इन मॉडल वेंडिंग जोन में लाइट, पीने के पानी और टॉयलेट समेत अन्य सुविधाएं होंगी लेकिन सबसे खास बात इसके रंग बिरंगे पेवर ब्लॉक होंगे। रास्ते भी अलग रंग के होंगे। 31 मार्च से पहले मनीमाजरा में पहला मॉडल वेंडिंग जोन बनकर तैयार हो जाएगा। यह उन्हें आवंटित किए जाएंगे, जो फीस भर रहे हैं लेकिन अब तक जगह आवंटित नहीं हुई है।
नगर निगम की तरफ से सभी वेंडर्स को वेंडिंग साइट में पांच बाय छह फुट की जगह आवंटित की जाती है। वर्तमान में निगम की तरफ से सफेद पेवर ब्लॉक पर पेंट से जगह की मार्किंग होती है लेकिन समय के साथ पेंट फीका पड़ जाता और मिट जाता है। इसके बाद यह पता नहीं चलता कि किस वेंडर्स को कितनी जगह आवंटित की गई थी। इसलिए नगर निगम अब कलर कोडिंग करने जा रहा है।
अब बारी-बारी से पांच बाय छह फुट के ग्रे और लाल रंग के पेवर ब्लॉक ही बिछा दिए जाएंगे ताकि दूर से ही दिख जाए कि वेंडर के पास कितनी जगह है। इसके अलावा जो फूड के वेंडर्स होंगे, उन्हें जोन के कोने में जगह दी जाएगी। पानी की कनेक्शन भी दिया जाएगा ताकि गंदगी न फैले और वह अपना काम ठीक से कर सके। जहां दोनों तरफ वेंडर बैठे होंगे, वहां 10 फुट का रास्ता छोड़ा जाएगा और जहां एक तरफ वेंडर बैठा होगा और दूसरी तरफ कुछ नहीं होता तो वहां 8 फुट का रास्ता छोड़ा जाएगा। रास्ते भी अलग रंग के होंगे ताकि अगर कोई वेंडर आगे की तरफ बढ़ने की कोशिश करेगा तो भी पता चल जाएगा। पहला वेंडिंग जोन मनीमाजरा में शमशान घाट के पास बनाया जाएगा। नगर निगम की कोशिश है कि 31 मार्च से पहले मॉडल वेंडिंग जोन का काम पूरा कर लिया जाए।
साइट आवंटन के लिए निकलेगा ड्रॉ, 28 से पहले फीस जमा कराने वालों को मौका
नगर निगम की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि इन मॉडल वेंडिंग जोन में साइट आवंटन के लिए ड्रॉ होगा। इस ड्रा में वह लोग शामिल होंगे, जिन्हें अब तक साइट आवंटित नहीं हुई है लेकिन नियमित रूप से लाइसेंस फीस जमा करा रहे हैं। जिन लोगों ने अब तक फीस नहीं जमा कराई है, निगम ने उन्हें 28 फरवरी तक का समय दिया है। उससे पहले फीस जमा कराने वालों को ही ड्रा में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा।
शहर में वेंडर ज्यादा थे लेकिन साइट्स कम थी, जिसकी वजह से कई लोगों को साइट्स आवंटित नहीं हुए। वह जहां बैठे थे, आज भी वहीं बैठकर काम कर रहे हैं। इसमें से कई लोगों ने लाइसेंस फीस जमा करानी बंद कर दी लेकिन कई लोग ऐसे हैं, जो नियमित रूप से लाइसेंस फीस जमा करा रहे हैं। ऐसे लोगों को ही साइट्स आवंटित की जाएगी ताकि वह अपनी जगह पर बैठकर काम कर सकें।
यहां बनेंगे मॉडल वेंडिंग जोन
सेक्टर/एरिया लोकेशन वेंडर्स
सेक्टर-24डी हिमाचल सराय, एससीओ 213 के पास 55
26 (बापूधाम फेज-2) ट्रांसपोर्ट एरिया के पास 101
37डी सरकारी स्कूल, एससीएफ 228 के पास 30
45डी कम्युनिटी सेंटर के पास 75
52डी कम्युनिटी सेंटर के पास 64
रामदरबार कार बाजार और मस्जिद के पास 200
मौलीजागरां विकास नगर गांव की फिरनी रोड 358
मौलीजागरां कांप्लेक्स मस्जिद के पास 198
मनीमाजरा चिल्ड्रन पार्क, टॉयलेट के पीछे 100
मनीमाजरा शमशान घाट के पास 116