हरियाणा के मॉडल संस्कृति और आरोही मॉडल स्कूलों को दिवाली से पहले 1800 शिक्षक मिल जाएंगे। मॉडल स्कूलों में अलग-अलग विषयों के 1500 और आरोही स्कूलों में पीजीटी के 300 पद खाली हैं। इन्हें भरने के लिए मंगलवार को भी सेंटा परीक्षा होगी, जिसमें सरकारी स्कूलों के 5000 शिक्षक हिस्सा लेंगे। अगस्त में सेंटा टेस्ट पास कर चुके शिक्षकों के नियुक्ति आदेश भी एक-दो दिन में जारी हो जाएंगे।
शिक्षा निदेशालय ने शिक्षकों के ऑनलाइन तबादलों के बाद इन स्कूलों में नियुक्ति प्रक्रिया तेज कर दी है। शैक्षणिक शाखा के सहायक निदेशक नंद किशोर वर्मा ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग 24 अक्तूबर से पहले खाली पदों को भरने की पूरी तैयारी में है। सेंटा परीक्षा का कार्यक्रम सभी आवेदक शिक्षकों को भेज दिया है। शिक्षकों की संख्या को देखते हुए पूरे प्रदेश में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
नंद किशोर ने बताया कि अंबाला, फरीदाबाद में एक-एक, गुरुग्राम-हिसार में 3-3, करनाल-रोहतक में दो- दो केंद्र बनाए हैं। दो चरणों में निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने का निर्णय लिया है। पहला चरण में दोपहर एक बजे से ढाई बजे तक और दूसरा चरण में शाम चार बजे से साढ़े पांच बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षा के बाद जल्दी परिणाम जारी कर दिया जाएगा। मेरिट के आधार पर शिक्षकों को उनकी पसंद के स्कूल आवंटित किए जाएंगे।
मॉडल संस्कृति स्कूलों में लगातार विद्यार्थियों की संख्या बढ़ रही है। इन स्कूलों के बच्चे आईआईटी और दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। इसलिए सेंटर फार टीचर एक्रीडिटेशन के जरिये परीक्षा लेकर शिक्षकों की नियुक्ति का फैसला लिया है। पहले साक्षात्कार के जरिये नियुक्ति होती थी लेकिन अब प्रिंसिपल और पीजीटी के बाद टीजीटी के लिए भी लिखित परीक्षा जरूरी कर दी गई है।