चंडीगढ़। सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में रिहर्सल के दौरान एक युवक हथियार लेकर घूमता दिखाई दिया। सेक्टर-17 थाना पुलिस व ऑपरेशन सेल की टीम ने युवक को पकड़ने के लिए चारों ओर घेराबंदी की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया, जिसके बाद पता चला कि 15 अगस्त के मद्देनजर मॉक ड्रिल की गई थी।
मंगलवार शाम करीब पांच बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि परेड ग्राउंड के पास एक संदिग्ध युवक हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही परेड ग्राउंड के आसपास तैनात पुलिसकर्मी अलर्ट हो गए। डीएसपी सिक्योरिटी दविंदर शर्मा, आपरेशन सेल के कमांडो के साथ संदिग्ध युवक की आसपास तलाश करने लगे। इस दौरान सेक्टर 17 थाना प्रभारी जसपाल सिंह, बम डिस्पोजल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने परेड ग्राउंड की तरफ मोर्चा संभालकर संदिग्ध युवक को पकड़ने में लगी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस जवानों ने परेड ग्राउंउ के पास संदिग्ध युवक को दबोच लिया। पुलिस का कहना था कि यह मॉक ड्रिल की गई थी।